
Chhattisgarh Crime News: छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ते अपराधों के बीच रायगढ़ जिले से एक बार फिर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। लैलूंगा थाना क्षेत्र के छापरपानी गांव में 40 वर्षीय महिला और उसकी 10 महीने की मासूम बेटी की निर्मम हत्या कर दी गई। दोनों के शव खेत में बने एक बोर घर से खून से लथपथ हालत में मिले। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमलावर ने किसी भारी वस्तु से महिला और बच्ची के सिर व चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका बरत कुमारी के पति का करीब चार से पांच वर्ष पहले निधन हो गया था। पति की मौत के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। अपनी 10 महीने की बेटी परी के साथ वह गांव में अलग-अलग जगहों पर रहकर जीवनयापन करती थी। दोनों अक्सर गांव के एक खेत में बने बोर घर में रात गुजारते थे।
बुधवार को महिला को सुकवास गांव से राशन लेकर लौटते हुए देखा गया था। अगले दिन सुबह गांव के एक व्यक्ति ने जब बोर घर के अंदर झांककर देखा तो महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी थी। इसकी सूचना तुरंत परिजनों को दी गई। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं, जबकि पास में उसकी 10 महीने की बेटी मृत मिली। बच्ची के सिर पर भी गहरी चोट के निशान पाए गए।
परिजन गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण कराया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनील सोनी ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। फिलहाल हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस पारिवारिक विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
रायगढ़ जिले में कुछ ही दिनों के भीतर यह दूसरा दोहरा हत्याकांड है। इससे पहले 15 जुलाई को धरमजयगढ़ क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते एक बुजुर्ग दंपती की हत्या कर शवों को आग के हवाले कर दिया गया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।