सुबह-सुबह लड़की को आग में जलता देख दंग रह गई नानी, मची चीख-पुकार
रायपुर. अभनपुर में नानी के घर पढ़ाई कर रही एक युवती अपने कमरे में संदिग्ध अवस्था में जली हुई मिली। जमीन पर खून के निशान भी मिले हैं। इससे छात्रा की हत्या की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक रेलवे स्टेशन वार्ड निवासी हिमशिखा साहू (18) दसवीं की छात्रा थी। गुरुवार सुबह करीब 4 बजे उसकी नानी सोकर उठी, तो हिमशिखा के कमरे से धुआं निकलते देखा। वह कमरे में पहुंची, तो भीतर वह बिस्तर समेत जल रही थी। उसने शोर मचाकर कर परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया और आग बुझाना शुरू किया। घटना की सूचना मिलने पर फायर बिग्रेड की टीम भी पहुंच गई। आग बुझाने के बाद शव को बाहर निकाला गया। छात्रा के कमर के नीचे का हिस्सा जल गया था। शरीर के अन्य हिस्से झुलस गए थे।
किसी ने नहीं सुनी चीख-पुकार
आग लगने पर आमतौर पर व्यक्ति इधर-उधर भागता है। एक ही जगह पर शांत नहीं रहता, जबकि छात्रा अपने बिस्तर पर ही पड़ी थी। आग छात्रा और उसके बिस्तर पर ही लगी है। दीवार पर लगे कपड़े व अन्य सामग्री नहीं जली है। कमरे के फर्श पर खून के धब्बे मिले हैं। आग लगने पर पूरा शरीर जल जाता है। खून नहीं निकलता। रात में आग लगने पर छात्रा की चीख-पुकार की आवाज को लेकर परिजन स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं, जबकि छात्रा का भाई और उसकी नानी उससे लगे हुए कमरे में ही सोते हैं।
मोबाइल सही सलामत, हो रही जांच
छात्रा अपने नाना कामता प्रसाद के घर रहकर पढ़ाई करती थी। वह बचपन से यहीं रह रही है। उसके माता-पिता दूसरे गांव में रहते हैं। कमरे से छात्रा का मोबाइल सही सलामत मिला है। पुलिस और फॉरेंसिंक की टीम कई बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। पुलिस का दावा है कि पीएम रिपोर्ट के बाद मामला स्पष्ट हो सकता है।