CG Theft News: रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले महिला समेत दो आरोपियों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
CG Theft News: छत्तीसगढ़ के रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले महिला समेत दो आरोपियों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के मुताबिक 12 मार्च 2026 को देवपुरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान के संचालक ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला और एक युवक दुकान में सोने का रानी हार खरीदने के बहाने पहुंचे। उस समय दुकान में संचालक का पुत्र भी मौजूद था।
जेवर देखने के दौरान महिला ने चालाकी से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और चांदी की बिछिया पहन ली। इसके बाद उसने बहाना बनाया कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह भी एक हार खरीदेगी।
कुछ देर बाद महिला फोन पर बात करते हुए दुकान के बाहर गई और सहेली को बुलाकर लाने की बात कहकर वहां से फरार हो गई। महिला के काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसके साथ आए युवक से पूछताछ की गई। युवक ने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। पूछताछ के दौरान युवक भी मौका देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद टिकरापारा थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर टीम ने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार महिला का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने दुर्ग शहर में दबिश देकर महिला आरोपी को चोरी किए गए जेवरों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली की एक जोड़ी, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल की एक जोड़ी और चांदी की बिछिया की तीन जोड़ी बरामद की गई है। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 5.33 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश्वरी साहू (35) निवासी ग्राम चांपा, जिला जांजगीर-चांपा और मेषराम साहू (21) निवासी ग्राम बिरोदा, थाना अभनपुर, जिला रायपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला आरोपी मेषराम के दोस्त की भाभी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और रिमांड पर लेकर उनसे अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।