रायपुर

CGPSC 2024 Result: नोएडा में मिली जॉब को छोड़ा, अब CGPSC में अनंत को मिला 26 वां रैंक, कलेक्टर ने किया सम्मानित

CGPSC 2024 Result: 12 वीं उत्तीर्ण होने के बाद शंकराचार्य भिलाई कालेज से मेकेनिकल में बी-टेक की पढ़ाई की। केपस में एक कंपनी द्वारा नोएडा में जॉब भी मिला, जिसे छोड़कर उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी।

2 min read
Nov 22, 2025
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अनंत गुप्ता को पुष्पगुच्छ भेंटकर किया सम्मानित (Photo Patrika)

CGPSC 2024 Result: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य सेवा परीक्षा 2024 की समेकित मेरिट सूची जारी कर दी गई है, जिसमें धमतरी जिले के अनंत गुप्ता ने 26वीं रैंक प्राप्त कर जिले एवं शहर का गौरव बढ़ाया है। गणेश चौक धमतरी निवासी अनंत गुप्ता ने बताया कि मेकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर प्राइवेट जॉब के ऑफर को ठुकराकर उन्होंने सिविल सर्विस की तैयारी शुरू की।

प्रारंभिक शिक्षा मेनोनाइट इंग्लिश स्कूल में की। 12 वीं उत्तीर्ण होने के बाद शंकराचार्य भिलाई कालेज से मेकेनिकल में बी-टेक की पढ़ाई की। केपस में एक कंपनी द्वारा नोएडा में जॉब भी मिला, जिसे छोड़कर उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी। उन्होंने बताया कि सिविल सर्विस की तैयारी के लिए रोजाना 10 से 11 घंटे की पढ़ाई की।

उनका कहना है कि सफलता का कोई शार्टकट रास्ता नहीं होता। यदि नियमित रूप से पढ़ाई करें तो निश्चित रूप से सफलता मिलती है। सामान्य ज्ञान के साथ ही करेंट अफेयर पर भी उन्होंने ध्यान दिया। अनंत ने बताया कि इसके बाद वे यूपीएससी की तैयारी करेंगे। आईएएस अंतिम लक्ष्य है। सीजी पीएससी के प्रारंभिक में करीब 2 लाख छात्र शामिल हुए थे। मेंस में 25000 पहुंचे और साक्षात्कार में 600 लोगों का चयन हुआ, जिसमें उन्हें 26 वां रैंक हासिल हुआ।

उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारी में परिवार का भरपूर सहयोग रहा। बहन अवंतिका गुप्ता गरियाबंद में तहसीलदार और आंचल गुप्ता गरियाबंद में सहायक प्राध्यापक के पद पर पदस्थ हैं। अनंत ने कहा कि असफलता सफलता का अनिवार्य अंग है। असफलता को अंतिम नहीं मानना चाहिए। आज असफल हुए तो गलती सुधारकर सफल भी हो सकते हैं।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किया समानित

परिणाम जारी होने के बाद अनंत गुप्ता ने शुक्रवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा से सौजन्य भेंट की। कलेक्टर मिश्रा ने उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर समानित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कलेक्टर मिश्रा ने अनंत से परीक्षा की तैयारी की प्रक्रिया, अध्ययन पद्धति तथा पारिवारिक सहयोग के विषय में जानकारी ली। अनंत गुप्ता ने बताया कि उन्होंने किसी भी कोचिंग संस्थान के बिना, पूरी तरह स्वाध्याय के आधार पर तैयारी की। इस अवसर पर अनंत के पिता राजेंद्र गुप्ता और चाचा रामकुमार गुप्ता भी उपस्थित थे।

Updated on:
22 Nov 2025 01:47 pm
Published on:
22 Nov 2025 01:46 pm
Also Read
View All

अगली खबर