रायपुर

Blast in Raipur: रायपुर में रोड मार्किंग मशीन में ब्लास्ट, धुएं का गुबार, ड्राइवर की सूझबूझ से बचीं कई जानें

Blast in Raipur: रायपुर के देवपुरी इलाके में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क पर मार्किंग कर रही मशीन में अचानक आग लगने के बाद जोरदार ब्लास्ट हो गया।

2 min read
Mar 21, 2026
AI से बदलेगी रेलवे की तस्वीर! स्मार्ट कैमरों से टिकट चेकिंग और सुरक्षा होगी हाईटेक, कर्मचारियों के लिए लागू होगा ड्रेस कोड(photo-patrika)

Blast in Raipur: छत्तीसगढ़ के रायपुर के देवपुरी इलाके में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क पर मार्किंग कर रही मशीन में अचानक आग लगने के बाद जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ ने संभावित जनहानि को टाल दिया।

Blast in Raipur: रोड मार्किंग के दौरान भड़की आग

जानकारी के अनुसार, देवपुरी क्षेत्र में सड़क पर रोड मार्किंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मार्किंग मशीन में अचानक आग लग गई। शुरुआत में आग मामूली लगी, लेकिन कुछ ही मिनटों में यह तेजी से फैल गई और स्थिति गंभीर हो गई। मशीन में आग लगते ही चालक ने घबराने के बजाय तुरंत समझदारी दिखाई। उसने जलती हुई मशीन को सड़क के बीच से हटाकर किनारे उतार दिया। यह फैसला बेहद अहम साबित हुआ, क्योंकि वाहन के सड़क से हटते ही उसमें जोरदार ब्लास्ट हो गया।

धमाके से दहला पूरा इलाका

विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के लोग सहम गए। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और देखते ही देखते इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। अगर यह विस्फोट सड़क के बीचों-बीच होता, तो राहगीरों और अन्य वाहनों को भारी नुकसान हो सकता था। चालक की सतर्कता और त्वरित निर्णय ने कई जिंदगियों को खतरे से बचा लिया।

धुएं का गुबार, कुछ देर तक दहशत का माहौल

आपको बता दें ब्लास्ट के बाद आसमान में धुएं का घना गुबार उठता दिखाई दिया, जिससे कुछ देर तक पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना रहा और लोग सहमे हुए नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने के बाद अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

तकनीकी खराबी या ज्वलनशील पदार्थ की आशंका

वहीँ प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तकनीकी खराबी या मशीन में मौजूद ज्वलनशील पदार्थ को माना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल सटीक कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है और विस्तृत जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
21 Mar 2026 02:06 pm
Published on:
21 Mar 2026 02:05 pm
Also Read
View All

अगली खबर