CG Election: छत्तीसगढ़ में मई-जून में नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हो सकते हैं। इसे लेकर निर्वाचन अयोग ने तैयारी शुरू कर दी है..
CG Election: प्रदेशभर में चुनाव को लेकर छत्तीसगढ़ निर्वाचन आयोग में तैयारी जारी है। प्रदेश में नगरीय निकायों में अध्यक्ष के 4 पद एवं 60 पार्षद के पदों पर आम निर्वाचन होगा। इसके साथ ही अध्यक्ष के 4 पद एवं 17 पार्षद पदों पर उप निर्वाचन प्रस्तावित हैं। वहीं, त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन के अंतर्गत जनपद पंचायत सदस्य के 10 पद, सरपंच के 82 पद एवं पंचों के 1110 पद खाली हैं, जिन पर निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा।
इसको लेकर छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग की बैठक भी हुई। जिसमें आगामी नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव मई जून-2026 की तैयारियों को गति प्रदान की जा रही है। इसी को लेकर राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं, कि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। सभी दावा-आपत्तियों का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण किया जाए।
निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 13 अप्रैल को किया जाएगा। इसके बाद 20 अप्रैल 2026 तक दावा-आपत्ति का समय होगा। 27 अप्रैल तक इसका निराकरण किया जाएगा। फिर अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 5 मई 2026 को किया जाएगा। आयोग ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिन जगहों पर किसी जनप्रतिनिधि की मृत्यु हो गई हो। या फिर नाम निर्देशन पत्र प्राप्त न होने के कारण, चुनाव में एक ही नाम आया, वो भी समीक्षा में खारिज एवं इस तरह के कई कारणों से उन वार्डों या पंचायत में उपचुनाव कराया जाता है। इस तरह से रायपुर जिले में भी मई-जून माह में उपचुनाव की तारीख तय होगी। क्योंकि मई के पहले हफ्ते तक मतदाता का अंतिम प्रकाशन होगा। जिसके बाद चुनाव कराया जाएगा। इसमें रायपुर के बिरगांव निगम में 32 नंबर वार्ड में जनप्रतिनिधि की मृत्यु के कारण चुनाव होगा। वहीं सरपंच पद के लिए 3 और पंच के 23 पद के लिए चुनाव होंगे।
जिले के सकरी (जा) में वार्ड 11,12,13,14,15,16 में 6 पंच पद के लिए, आरंग ब्लॉक के चकवे, बनरसी, सिवनी, पारागांव, गोढी, अकोलीखुर्द में पंच पद के 6, घोंट में सरपंच पद के लिए-1, अभनपुर ब्लॉक के तोरला, मानिकचोरी गांव में पंच पद के 2, धरसींवा ब्लॉक के सारागंव वार्ड 17, टोर (गिधौरी) के वार्ड 12,13,15,16 वार्ड में पंच पद के 5, कारा और गुमा में सरपंच पद के लिए 1-1, तिवरैयां, बरौदा और तिल्दा के हुलसी असौदा में पंच पद के 3 उपचुनाव होंगे।
एसआईआर के पहले प्रदेश में कुल 2,12,30,737 मतदाता थे। एसआईआर के बाद मृत्यु हो चुके, दूसरे प्रदेश शिफ्ट, दो राज्यों में नाम दर्ज होने समेत अन्य कारणों से 24, 99, 823 मतदाता के नाम काटे गए है। अब प्रदेश के 1,87,30,914 पंजीकृत मतदाता चुनावी गणित तय करेंगे। हालांकि चुनाव के देखते हुए अब कई मतदाता नाम जुड़वाने के लिए लगातार फॉर्म भर रहे है। जांच होने के बाद ही नए मतदाता का नाम सूची में जोड़ा जाएगा।