रायपुर

सुपारी की आड़ में गुटखा का कारोबार… 100 करोड़ रुपए की GST चोरी में फैक्ट्री का मालिक गिरफ्तार

CG Tax Chori: छत्तीसगढ़ में 100 करोड़ की जीएसटी चोरी के मामले में गुटखा कारोबारी गिरफ्तार, 4 साल से बिना पंजीयन गुटखा बेच रहा था और अब न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
2 min read
Sep 25, 2025
सुपारी की आड़ में गुटखा का कारोबार (Photo source- Patrika)
सुपारी की आड़ में गुटखा का कारोबार (Photo source- Patrika)

CG Tax Chori: स्टेट जीएसटी ने 100 करोड़ रुपए टैक्स चोरी करने वाले सितार गुटखा फैक्ट्री के मालिक गुरुमुख जुमनानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अवैध रूप से गुटखा बनाने और टैक्स चोरी करने पर दुर्ग और राजनांदगांव स्थित फैक्ट्री में छापेमारी की गई थी। इस दौरान पता चला कि पिछले 4 साल से बिना बगैर पंजीयन गुटखा बनाने के साथ ही बेच रहे थे।

CG Tax Chori: पुलिस ने पूछताछ कर लिया हिरासत में…

तलाशी में लेनदेन के दस्तावेज और 22 करोड़ रुपए की गड़बड़ी मिली थी। इसके संबंध में पूछताछ के लिए उपस्थिति दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन कार्रवाई के डर से फरार हो गए थे। नोटिस का जवाब और जांच में सहयोग नहीं करने पर स्टेट जीएसटी की प्रिवेंशन टीम ने गिरफ्तार कर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मंजूलता सिन्हा की अदालत में पेश कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

बताया जाता है कि अवैध रूप से गुटखा फैक्ट्री चलाने के लिए स्थानीय की जगह मध्यप्रदेश से मजदूर बुलाकर काम करवाता था। साथ ही उन्हें बंधक बनाकर फैक्ट्री से बाहर नहीं जाने देता था। इसके संबंध में स्थानीय पुलिस को जांच करने जानकारी दी गई है।

हर तीन महीने में बदलता था ठिकाना

अधिकारियों ने बताया कि गुरुमुख जुमनानी 2021 से सितार गुटखा का अवैध निर्माण कर रहा था। अप्रैल 2021 से सितंबर 2022 के बीच राजनांदगांव स्थित मनकी, खैरागढ़ स्थित ठेल्काडीह, जनवरी 2023 से जून 2023 के बीच मंदिर हसौद और भनपुरी में अवैध रूप से गुटखा बना रहा था। पकड़े जाने के डर से गुरुमुख हर तीन महीने में गुटखा बनाने की फैक्ट्री का स्थान बदल देता था।

इसकी जानकारी मिलने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा 31 मई 2023 को छापेमारी की गई थी। इसके बाद दुर्ग के नंदनी तथा राजनांदगांव में अवैध रूप से गुटखा फैक्ट्री संचालित कर रहा था। साथ ही फैक्ट्री में गुटखा बनाने का काम रात के समय करवाता था। इसकी जानकारी मिलने पर 25 और 27 जून को राजनांदगांव के जुमनामी और दुर्ग स्थित फैक्ट्री में छापे की कार्रवाई की थी।

गुटखा का कारोबार करने की जानकारी

CG Tax Chori: स्टेट जीएसटी की टीम कारोबारी के ठिकानों में इसके पहले भी छापेमारी कर गुटखा बनाने दो करोड़ रुपए का रॉ मटेरियल जब्त कर चुकी है। इसके पकडे़ जाने के बाद जुमनानी ने मशीनों का नट बोल्ट खोल मशीन को दूसरी जगह शिफ्ट कर टीन शेड के नीचे गुटखा निर्माण कराने का काम करता था। उसके द्वारा रोजाना 25 लाख रुपए 7.50 करोड़ प्रतिमाह गुटखा का कारोबार करने की जानकारी मिली है।

Published on:
25 Sept 2025 12:08 pm