नौकरी लगाने का झांसा देकर लड़कियों को बेचने के मामले में आरोपी गिरफ्तार
पत्थलगांव. देश कितना भी बदल गया हो लेकिन आज भी महिलाओं पर होने वाले अत्याचार रुकने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। हम बात कर रहे हैं छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले की। जहां आरोपी ने तीन लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर दिल्ली में बेच दिया था। कोतबा पुलिस ने मानव तस्करी के आरोप में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आरोपी ने नौकरी का प्रलोभन देकर दिल्ली में बेचा
पुलिस ने दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर पीठाआमा गांव की गुमशुदा लड़की के साथ इस क्षेत्र की दो अन्य लड़कियों को भी वहां से बरामद किया। इन पीडि़त लड़कियों के बयान पर पुलिस ने अच्छी नौकरी का प्रलोभन देकर दिल्ली ले जाकर बेचने वाले आरोपी प्रदीप एक्का को रायगढ़ जिले के लैलूंगा के समीप सोनाजोरी गांव से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मानव तस्करी के चंगुल में फंसी लड़कियों को उनके परिजनों को सौंप कर इस मामले के आरोपी को जेल भेज दिया गया है।