
रायपुर. छत्तीसगढ़ के दूसरे चरण की 72 विधानसभा सीटों पर होने वाला चुनावी शोरगुल रविवार की शाम 5 बजे थम जाएगा। इसके बाद उम्मीदवार केवल व्यक्तिगत प्रचार व घर-घर जनसंपर्क कर सकेंगे।
मतदान समाप्ति के 48 घंटे पहले से सार्वजनिक मंचों से प्रचार-प्रसार प्रतिबंधित रहेगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत साहू ने यह भी स्पष्ट किया है कि विधानसभा क्षेत्रों में बाहरी व्यक्तियों को मतदान समाप्ति के 48 घण्टे पूर्व जिले से बाहर जाना होगा।
गौरतलब है कि 19 जिलों में दूसरे चरण की 72 विधानसभा सीटों पर 1079 प्रत्याशी चुनाव मैदान है। 1 करोड़ 53 लाख 85 हजार 983 मतदाता आगामी 20 नवंबर को अपने मताधिकार का प्रयोग कर इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इन निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 19 हजार 296 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।