रायपुर

प्रोटोकॉल न मिलने पर IAS पर आगबबूला हुए मंत्री जी, बोले – ज्यादा दिखने लगी है तुम्हारी कलक्टरी

छत्तीसगढ़ के मंत्री एक आईएएस अफसर पर उस वक्त आगबबूला हो गए जब समीक्षा बैठक में पहुंचे उन्हें प्रोटोकॉल नहीं मिला।

2 min read
Nov 17, 2017
Chhattisgarh Minister Ajay Chandrakar angry on IAS officer

रायपुर . पंचायत एवं ग्रामीण और बिलासपुर के प्रभारी मंत्री अजय चंद्राकर कलेक्टोरेट में जिला स्तरीय मंथन बैठक लेने अपने तय समय से 1 घंटे पहले पहुंच गए। प्रोटोकॉल न होने पर उन्होंने अचानक आपा खो दिया और मातहत अफसरों के सामने ही कलेक्टर पी दयानंद पर जमकर बरसे।

मंत्री इस बात से खफा थे कि न तो हेलीपैड और न ही कलेक्टोरेट में उनकी अगवानी करने कलक्टर या उनके समकक्ष अधिकारी पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक हेलीपेड से वे जैसे ही कलेक्टोरेट पहुंचे, कलक्टर पी दयानंद एक आवश्यक बैठक में थे। मंत्री ने कलक्टर चेंबर के बाहर खड़े अफसरों में से एडीशनल एसपी अर्चना झा से तल्ख मिजाज में कहा कि आपके कलक्टर कहां है। एडीशनल एसपी ने बताया कि वे चेंबर में मीटिंग ले रहे हैं।

ये भी पढ़ें

भूलकर भी इस रोड से अभी न जाएं Bilaspur या Raipur, फंस जाएंगे मुसीबत में

मंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही कलक्टर भी तुरंत मीटिंग छोड़कर बाहर आए और कहा जी सर, तो तमतमाए मंत्री ने कहा जी सर, वी सर छोड़ो तुम्हारी कलक्टरी ज्यादा दिख रही है। इस दौरान कलेक्टर के सबआर्डिनेट भी वहां मौजूद थे। कलक्टर ने जवाब दिया जी सर एक इंपोर्टेंट मीटिंग में था। इस पर प्रभारी मंत्री का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।

उन्होंने तल्ख लहजे में कहा मुझसे भी ज्यादा इंपोर्टेंंट थी तुम्हारी बैठक। इसके बाद वे कलक्टर चेंबर के अंदर चले गए और दो-ढाई घंटे तक वहीं बैठे रहे। इसके बाद प्रभारी मंत्री प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद लखनलाल साहू, तखतपुर विधायक राजू क्षत्री, महापौर किशोर राय के साथ चर्चा के बाद बाहर निकलकर आए और बिना बैठक लिए अपने काफिले के साथ रायपुर जाने के लिए हेलीपेड रवाना हो गए।

लगातार विवादों से नाता
अपने तल्ख अंदाज को लेकर प्रभारी मंत्री लगातार विवादों में रहे हैं, इसके पूर्व भी अफसरों के साथ उनके तल्ख व्यवहार का मामला सामने आता रहा है। विपक्ष ने भी सार्वजनिक कार्यक्रम में एक महिला से दुव्र्यवहार को लेकर उनकी घेरेबंदी की थी।

प्रभारी मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि प्रोटोकॉल को लेकर कोई नाराजगी नहीं, बिलकुल नहीं, काहे की नाराजगी बैठक के तैयारी की बात नहीं है प्रभारी मंत्री का आगमन होता है तो इतनी तैयारी तो होती है।

बिलासपुर कलक्टर पी दयानंद ने कहा कि मंत्री किस बात पर नाराज हुए, मुझे नहीं पता है। प्रोटोकाल का पालन किया गया है। नाराजगी जैसी कोई बात नहीं है।

Published on:
17 Nov 2017 12:31 pm
Also Read
View All