
रायपुर. छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण(Corona cases in Chhattisgarh) का ग्राफ चढ़ता ही चला जा रहा है। स्थिति यह है कि संक्रमित मरीजों की संख्या पहली बार शुक्रवार को 17 हजार के आंकड़ों को पार करते हुए 17397 जा पहुंची। जिसमें सर्वाधिक मरीज एक बार फिर रायपुर में रिपोर्ट हुए। आज की स्थिति में रायपुर में 17662, दुर्ग में 12418 और बिलासपुर में 9395 एक्टिव मरीज हैं। 4 जिलों को छोड़ दें तो हर जिले में एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 1 हजार से अधिक है।
उधर, मौतों को रोकने में सरकारी तंत्र पूरी तरह से फेल हो चुका है। मरीजों को समय पर इलाज न मिलना, ऑक्सीजनयुक्त बेड, आईसीयू, वेंटिलेटर, जीवन-रक्षक दवाओं का अभाव जान पर भारी पड़ रहा है। बीते 24 घंटे में 219 मरीजों ने दमतोड़ दिया। यह एक दिन में सर्वाधिक मौते हैं। इनमें अकेले 143 मौतें, उन लोगों की हुई जिन्हें कोई दूसरी बीमारी नहीं थी। जो स्वस्थ थे, मगर कोरोना हुआ और जान चली गई। अब तक इस बीमारी से 6893 लोग प्राण गवां चुके हैं।
जिलों में मौतों- रायपुर 57, बिलासपुर 40, दुर्ग 23, कोरबा 19, धमतरी 14 (कुल- 219)
रायपुर से बस्तर तक हर जिले में दहाई से अधिक मरीज मिल रहे
रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और रायगढ़ में हजार से अधिक मरीज रिपोर्ट हो रहे हैं, तो सिर्फ दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर और बीजापुर में ही 100 से कम मरीज रिपोर्ट हुए हैं। बाकि जिलों में सैंकड़े से अधिक मरीज मिलने लगे हैं। रायपुर से लेकर बस्तर तक पूरी तरह से वायरस घुसपैठ कर चुका है।
कहां जाकर रूकेंगे आंकड़े- प्रदेश में जिस रफ्तार से संक्रमण बढ़ रहा है, उससे कोई भी विशेषज्ञ यह अनुमान नहीं लगा पा रहा कि ये रफ्तार कब कम होगी। क्योंकि आज रोजाना 17000 मरीज और 200 से अधिक मौतें रिपोर्ट होनी शुरू हो गई हैं। क्या स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का वह बयान सच होगा, जिसमें उन्होंने विशेषज्ञों के हवाले से 18 लाख संक्रमित और 18 हजार मौतें का अनुमान लगाया था।
रायपुर- 3215- 126978
छत्तीसगढ़- 17397- 605568
कुल संक्रमित- 622965
एक्टिव- 123479
डिस्चार्ज- 492593
मौतें- 6893
टेस्ट- 57185