रायपुर

Protest: शिक्षा मंत्री के बंगले में डीएड अभ्यर्थी बोले- तो गोली मार दीजिए सर

छत्तीसगढ़ में 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर 321 दिनों से आंदोलन। मंत्री के बंगले में धरने पर बैठे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने बलपूर्वक कार्रवाई की।
less than 1 minute read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 3:40 AM IST
Protest

Protest: छत्तीसगढ़ के डीएड अभ्यर्थी 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर 321 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। धनतेरस से एक दिन पूर्व 5 नवंबर को 422 डीएड अभ्यर्थी अपने माता-पिता एवं परिवार के सदस्यों के साथ रायपुर में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले पहुंचे और नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करने की मांग को लेकर वहीं बैठ गए।

अभ्यर्थियों ने कहा कि जब तक सरकार 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित नहीं करती, तब तक वे बंगले से नहीं उठेंगे। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में पुलिस पहुंच गई। धरने पर बैठे डीएड अभ्यर्थियों और पुलिस अधिकारियों के बीच बहस भी होने लगी। तभी धरनारत अभ्यर्थियों ने कहा कि मंत्री जी से मिले बिना नहीं जाएंगे, चाहे तो वे उन्हें गोली मार दें।

धरना देकर बैठे डीएड अभ्यर्थियों और उनके परिवारजनों को पुलिस ने बलपूर्वक हटाया। आरोप है कि महिला अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों को घसीटकर बसों में बैठाया गया और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इसके बाद उन्हें सेंट्रल जेल रायपुर ले जाया गया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि दिवाली जैसे पर्व पर भी अपने परिवार से दूर धरने पर बैठी छत्तीसगढ़ की बेटियों की पीड़ा आखिर सरकार कब समझेगी? उनका आरोप है कि हाईकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की भावना के अनुरूप नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं की जा रही है और पिछले 321 दिनों से उन्हें केवल आश्वासन मिल रहा है।