CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में गर्मी ने धीरे-धीरे दस्तक देना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।
CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में गर्मी ने धीरे-धीरे दस्तक देना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी रह सकता है और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक बीते दिन प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। इस दौरान सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार से झारखंड होते हुए दक्षिण छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर ऊपर एक द्रोणिका बनी हुई है। हालांकि इस सिस्टम का फिलहाल प्रदेश के मौसम पर कोई बड़ा प्रभाव देखने को नहीं मिल रहा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आज भी प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। विभाग ने किसी भी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की है। वहीं अगले दो दिनों तक भी प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
रायपुर के लिए जारी स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 9 मार्च को शहर में हल्की धुंध रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है।