रायपुर

CG Crime: जेल में भिड़े हिस्ट्रीशीटर, रक्सैल गैंग ने दो युवकों को मारा चाकू, पथराव के बीच तनाव का माहौल

हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया के गुर्गों ने हिस्ट्रीशीटर CG Crime: रवि साहू के समर्थकों को चाकू मार दिया। सोमवार शाम को मौदहापारा में रक्सैल गैंग ने दो युवकों को चाकू मारकर घायल कर दिया। इसके विरोध में लोगों ने रक्सैल के घर में पथराव कर दिया।

2 min read
Mar 17, 2026

CG Crime: @ नारद योगी। पुलिस ने कई हिस्ट्रीशीटरों को जेल भेज दिया है। हिस्ट्रीशीटर जेल से ही अपना गैंग चला रहे हैं। जेल के बाहर अपने गुर्गों के जरिए चाकूबाजी, वसूली और धमकी दे रहे हैं। कोतवाली इलाके में हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया के गुर्गों ने हिस्ट्रीशीटर रवि साहू के समर्थकों को चाकू मार दिया। सोमवार शाम को मौदहापारा में रक्सैल गैंग ने दो युवकों को चाकू मारकर घायल कर दिया। इसके विरोध में लोगों ने रक्सैल के घर में पथराव कर दिया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

जेल में गैंगवार का असर

कालीबाड़ी के गांधी नगर में रविवार की रात करीब 9 बजे अभिषेक सोनी उर्फ कार्तिक अपने मौसेरे भाई श्रवण तांडी और समीर बघेल के साथ धनराज किराना स्टोर के पास बैठे थे। इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया के समर्थक विक्रम बघेल, अभिषेक गुप्ता, अभिषेक बघेल उर्फ जादू और मोहित निहाल व अन्य पहुंचे। गाली-गलौज करते हुए हत्या के इरादे से उन पर चाकू से हमला कर दिया। अभिषेक, समीर को चाकू मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। अभिषेक की बहन गुड्डी बघेल उसे बचाने पहुंची, तो उसे भी चाकू मारकर बुरी तरह घायल कर दिया गया।

इसके बाद आरोपी भाग निकले। घायलों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बताया जाता है कि घायल युवक हिस्ट्रीशीटर रवि से जुड़े हैं। हिस्ट्रीशीटर मुकेश के जेल जाने के बाद हिस्ट्रीशीटर रवि को जगदलपुर सेंट्रल जेल ट्रांसफर कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक इससे पहले जेल में दोनों के बीच गैंगवार हो गया था। इसी का बदला लेने हिस्ट्रीशीटर मुकेश ने घायल युवकों पर हमला कराया है। चाकूबाजी करने वालों को पुलिस ने देर रात हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

रक्सैल गैंग का आतंक, युवकों को मारा चाकू

मौदहापारा इलाके में रक्सैल गैंग का आतंक कम नहीं हो रहा है। सोमवार शाम को मामूली विवाद के बाद मौदहापारा में रवि रक्सैल, अभय रक्सैल और उसके साथियों ने मोहम्मद अल्ताफ और राशिद अली पर चाकू से हमला कर दिया। उनके पैर व हाथ में चाकू का वार किया। इसके बाद भाग निकले। घटना की जानकारी होने पर बड़ी संख्या में लोग मौदहापारा पहुंचे और आरोपियों को पकड़ने की मांग करने लगे।

साथ ही कुछ लोग रवि के मरहीमाता मंदिर स्थित घर पहुंच गए। वहां उसके घर में पत्थरबाजी शुरू कर दी। इससे वहां से गुजरने वालों में अफरातफरी मच गई। सड़क में जाम की स्थिति बन गई। इधर पत्थरबाजी के बाद घर के अन्य लोग भी हथियार लेकर बाहर निकले। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घर में मौजूद सभी लोगों को थाने ले गई। मंदिर का डीवीआर भी पुलिस ले गई। देर रात तक पुलिस की कार्रवाई चलती रही।

Published on:
17 Mar 2026 05:41 pm
Also Read
View All

अगली खबर