
CBSE 12th Result 2026(photo-patrika)
CBSE 12th Result 2026: छत्तीसगढ़ के रायपुर में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं बोर्ड परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुभकामनाएं और बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने छात्रों की उपलब्धि को गर्व का विषय बताते हुए कहा कि आज के युवा ही देश और प्रदेश का भविष्य हैं। सीएम साय ने अपने संदेश में कहा कि विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास और परिश्रम के दम पर सफलता की नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण पड़ाव भी है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सीबीएसई बोर्ड में सफल हुए विद्यार्थी आने वाले समय में शिक्षा, विज्ञान, नवाचार, खेल, कला और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ और देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि आज का युवा नई सोच, नई ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण के साथ देश के विकास में अहम भूमिका निभाने वाला है।
सीएम साय ने विद्यार्थियों से निरंतर सीखते रहने और अपने लक्ष्य की ओर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सफलता का यह चरण भविष्य की बड़ी उपलब्धियों की शुरुआत है।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों की सफलता के पीछे अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि माता-पिता का सहयोग, शिक्षकों का मार्गदर्शन और लगातार मिली प्रेरणा ही बच्चों को कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने की शक्ति देती है। उन्होंने सभी अभिभावकों और शिक्षकों को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत की है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल, सफल और प्रेरणादायी भविष्य की मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जीवन में मेहनत और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने वाले विद्यार्थी निश्चित रूप से अपने सपनों को साकार करेंगे। सीएम साय का यह संदेश परिणाम घोषित होने के बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच उत्साह और प्रेरणा का कारण बना हुआ है। राज्यभर में सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम को लेकर छात्रों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।
Published on:
13 May 2026 05:12 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
