रायपुर

रायपुर में बारिश का मूड बरकरार, आज भी गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल, IMD ने जारी किया ताजा अपडेट

IMD Rain Forecast: रायपुर में मानसून सक्रिय बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में 5.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रविवार को भी गरज-चमक के साथ एक-दो दौर की बारिश की संभावना है। जानिए रायपुर और छत्तीसगढ़ का ताजा मौसम अपडेट।
2 min read
Jul 19, 2026
CG Weather Update
आज भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार (photo source- Patrika)

CG Weather Update: राजधानी रायपुर में मानसून का असर लगातार बना हुआ है। शनिवार को दिनभर कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश का दौर चलता रहा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी शहर और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ एक से दो दौर की बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Heavy Rain Alert: 24 घंटे में 5.5 मिमी बारिश दर्ज

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शनिवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक करीब 9 घंटे में 2.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, पिछले 24 घंटे में राजधानी में कुल 5.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। बारिश की वजह से मौसम सुहाना बना रहा और तापमान में गिरावट आने से लोगों को उमस से राहत मिली।

कहीं फुहार, कहीं तेज बारिश

शनिवार को राजधानी में बारिश के अलग-अलग रूप देखने को मिले। शहर के कई हिस्सों में हल्की रिमझिम बारिश होती रही, जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के कारण वातावरण में नमी बनी हुई है और गर्मी का असर काफी कम हो गया है।

प्रदेश के कई जिलों में भी अच्छी बारिश

राजधानी के अलावा प्रदेश के कई जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे के दौरान मस्तूरी, लवन, बैकुंठपुर और पाली में 8 सेंटीमीटर वर्षा हुई। सुकमा, बेलगहना, नवागढ़, बोदरी, बेलतरा और सकरी में 7 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा सकोला, जांजगीर, पचपेड़ी, रतनपुर और खड़गवां में 6 सेंटीमीटर, जबकि सूरजपुर, बिल्हा, कसडोल, सीपत, धमतरी और बलौदाबाजार में 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। गिधौरी और टुंड्रा में 4 सेंटीमीटर वर्षा हुई। राज्य के कई अन्य स्थानों पर 1 से 3 सेंटीमीटर तथा इससे कम बारिश रिकॉर्ड की गई।

Monsoon in Chhattisgarh: आज भी सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां फिलहाल सक्रिय बनी हुई हैं। इसके चलते रायपुर सहित मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने तथा आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

बारिश से मिली राहत, लेकिन सतर्कता जरूरी

लगातार हो रही बारिश से राजधानी में उमस लगभग खत्म हो गई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि गरज-चमक और बारिश के दौरान सावधानी बरतना जरूरी है, क्योंकि कई इलाकों में अचानक तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। ऐसे में मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों और अपडेट पर नजर बनाए रखना जरूरी है।

Updated on:
19 Jul 2026 08:46 am
Published on:
19 Jul 2026 08:45 am