CG City Gas Project: रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ करते हुए प्रदेश को स्वच्छ और हरित ऊर्जा की दिशा में नई सौगात दी।
CG City Gas Project: छत्तीसगढ़ के रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का शुभारंभ करते हुए प्रदेश को स्वच्छ और हरित ऊर्जा की दिशा में नई सौगात दी। इस अवसर पर पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) रसोई गैस पाइपलाइन सुविधा की औपचारिक शुरुआत भी की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना घरेलू, वाहन और औद्योगिक क्षेत्रों में गैस आधारित ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देगी, जिससे प्रदूषण में कमी आएगी और आम नागरिकों को सस्ती एवं सुरक्षित ऊर्जा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की पहली महिला पीएनजी उपभोक्ता पूनम चौबे से वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत की। पूनम ने बताया कि अब उन्हें गैस सिलेंडर की झंझट से राहत मिलेगी और यह सुविधा अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक है। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह योजना प्रदेश के लोगों के जीवन को सरल और सुगम बनाएगी।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि रायपुर, गरियाबंद और बलौदाबाजार जिलों में सिटी गैस अवसंरचना का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास की नई इबारत लिखी है और अब सीएनजी व पीएनजी के विस्तार से ऊर्जा क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव आएगा। उन्होंने बताया कि सीएनजी स्टेशनों की संख्या बढ़ाने की भी योजना है, ताकि वाहन चालकों को सुलभ और किफायती ईंधन मिल सके।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह पहल स्वच्छ और हरित ऊर्जा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ग्रीन एनर्जी विजन को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने तीनों जिलों के नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश में ऊर्जा क्षेत्र का यह विस्तार विकास की नई कड़ी जोड़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि होली से पहले किसानों के खातों में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अंतर राशि ट्रांसफर की जाएगी, ताकि वे त्योहार हर्षोल्लास से मना सकें। उन्होंने बताया कि बिलासपुर के बिल्हा में बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें वे स्वयं शामिल होंगे और प्रदेशभर में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे।
आत्मसमर्पित नक्सलियों के विधानसभा पहुंचने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने के लिए पूर्व नक्सली विधानसभा की कार्यवाही देख रहे हैं, जो राज्य में बदलते माहौल का संकेत है।