Ration Distribution Scam: रायपुर में ‘वन नेशन-वन राशन कार्ड’ योजना की जमीनी हकीकत सवालों में है, जहां कुछ दुकानदार लाभार्थियों को राशन देने के बजाय खाली हाथ लौटा रहे हैं।
Ration Distribution Scam: छत्तीसगढ़ के रायपुर में जहां एक तरफ सरकार ने जनता की सुविधा के लिए वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत कहीं से भी राशन उठाने की सुविधा दी है। वहीं, शहर के कुछ दुकानदार योजना को धता बता रहे हैं। कुछ दुकानदार लोगों को राशन देने की बजाए वापस भेज रहे हैं।
एक ऐसा ही मामला स्वामी आत्मानंद वार्ड समता कॉलोनी, आमा तालाब के पास दुकान आईडी 441001037 का है। जिसमें कुछ हितग्राही कार्ड लेकर दुकानदार के पास राशन लेने पहु्ंचे। लेकिन दुकानदार ने उन्हें ये कहकर भगा दिया कि तुम लोग कहीं और से राशन लेते हो, वहीं जाकर लो, हम नहीं देंगे।
जबकि उन हितग्राहियों का राशन कार्ड भी उसी दुकान का है, लेकिन वे पहले दूसरे दुकान से राशन लेते है, एमरजेंसी के कारण यहां लेने पहुंचे। अब इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि दुकानदार ने हितग्राही से कहा कि चावल नहीं है, जो रेगुलर के ग्राहक है पहले उन्हें राशन दिया जाएगा। जबकि दुकानदार के पास पर्याप्त स्टॉक है।
खाद्य विभाग ने अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकानदार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग को इस दुकानदार के खिलाफ हितग्राहियों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिनमें वितरण में गड़बड़ी और नियमों के उल्लंघन के आरोप शामिल हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य नियंत्रक रायपुर भूपेंद्र मिश्रा ने कहा की जो भी दुकानदार वन नेशन वन कार्ड के तहत हितग्राहियों को राशन नहीं दे रहे हैं। साथ ही लोगों के साथ बद्तमीजी कर रहे हैं, इनकी जानकारी और वीडियो भेजिए। तत्काल उनपर कार्रवाई की जाएगी।
खो-खो पारा में एक दुकान संचालक यशवंत पाल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दुकानदार हितग्राही को साफ तौर पर राशन देने से मना करता दिख रहा है। दुकानदार का कहना है कि वह रेगुलर (दुकान वाले कार्ड) वालों की ही राशन देगा।
हितग्राही सत्यानारायण तिवारी ने बताया कि वे चार दिन से इस दुकान में राशन लेने के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन दुकानदार उन्हें भगा रहा है। कार्ड जमा लेने के बावजूद राशन नहीं दिया गया। जब इस पूरे मामले का तिवारी ने वीडियो बनाया तो दुकानदार उन्हें सारथी चौक में आकर वीडियो बनाने की धमकी देने लगा।