
Chhattisgarh News: राजधानी रायपुर में गुरुवार को तेज बारिश के बीच एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कवर्धा से रायपुर आ रही एक यात्री बस रिंगरोड पर अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने बस स्टॉप से जा टकराई। ( Raipur News ) टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस स्टॉप का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त बस में करीब 20 यात्री सवार थे।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, बस रायपुर बस स्टैंड की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान रिंगरोड क्षेत्र में बारिश तेज हो गई। बारिश के कारण सड़क पर दृश्यता कम होने के साथ ही हालात भी मुश्किल हो गए। इसी बीच बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क से किनारे की ओर जाकर बस स्टॉप में जा घुसी।
अचानक हुए हादसे के बाद बस के अंदर यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि जिस समय बस स्टॉप से बस टकराई, वहां कोई यात्री या राहगीर मौजूद नहीं था। ऐसे में एक बड़ा जनहानि वाला हादसा टल गया।
टक्कर के बाद बस स्टॉप का ढांचा बुरी तरह टूट गया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बस को देखने के लिए आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने पर डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर तेज बारिश के दौरान कम दृश्यता और बस की गति को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।