
Smart Meter Protest: घरेलू बिजली उपभोक्ताओं की बढ़ती शिकायतों और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद अधिक बिजली बिल आने के आरोपों को लेकर रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने जन अभियान की शुरुआत की है। शुक्रवार को बरसते बारिश के बीच महंत लक्ष्मीनारायण दास वार्ड स्थित लाखेनगर चौक बिजली कार्यालय के सामने से इस अभियान की शुरुआत की गई। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में घर-घर जाकर आवेदन पत्र वितरित किए और उपभोक्ताओं से उन्हें भरकर बिजली विभाग में जमा करने की अपील की।
अभियान के दौरान कई उपभोक्ताओं ने दावा किया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल पहले की तुलना में काफी बढ़ गए हैं। लोगों ने कांग्रेस पदाधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखते हुए बिलों की जांच और समाधान की मांग की। नागरिकों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और ट्रांसफार्मर की समस्याओं से पहले ही परेशान थे, ऐसे में बढ़े हुए बिजली बिलों ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य जनता की आवाज को संगठित कर बिजली विभाग तक पहुंचाना है, ताकि शिकायतों की निष्पक्ष जांच हो सके।
मेनन ने राज्य सरकार पर बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी का आरोप लगाते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर के जरिए आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई महिलाएं अभियान के दौरान पुराने मीटर वापस लगाने की मांग कर रही थीं।
पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने बताया कि यह अभियान अब रायपुर शहर के सभी 70 वार्डों में चलाया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर आवेदन भरवाने का काम करेंगे। वहीं, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर आम जनता के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने बताया कि अभियान के पहले ही दिन 2,000 से अधिक आवेदन पत्र वितरित किए गए। प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि जरूरत पड़ने पर कांग्रेस बिजली उपभोक्ताओं के हित में आगे भी लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी। कांग्रेस नेताओं ने लाखेनगर बिजली कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया और लोगों को आवेदन भरने में सहायता प्रदान की।