रायपुर

रायपुर में Dry Day पर भी बेची गई शराब! सरकार के आदेश का किया उल्लंघन, BAR में लगा ताला

Chhattisgarh News: रायपुर में Dry Day के बावजूद बार से अवैध शराब बिक्री का मामला सामने आया है। पुलिस ने बार संचालक को गिरफ्तार कर शराब और नकदी बरामद की, जबकि बार का लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने की कार्रवाई प्रस्तावित है।
2 min read
Sep 05, 2026
Dry Day Violation
Dry Day Violation: रायपुर में Dry Day पर भी बेचा गया शराब(photo-patrika)

Dry Day Violation: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुष्क दिवस के बावजूद बार से चोरी-छिपे शराब बेचने का मामला सामने आया है। मौदहापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बार संचालक को पकड़ा। उसके पास से अंग्रेजी शराब की एक बोतल और 2300 रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं, बार के सुरक्षा गार्ड की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस ने गार्ड के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की है। मामले में बार संचालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। साथ ही बार का लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने की कार्रवाई भी प्रस्तावित है।

Illegal Liquor Sale: जन्माष्टमी पर घोषित था शुष्क दिवस

दरअसल, शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शासन की ओर से शुष्क दिवस घोषित किया गया था। इस दौरान शराब की बिक्री पर रोक थी। इसी बीच रात करीब साढ़े 10 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि गली नंबर-1, पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से चोरी-छिपे शराब निकालकर बाहर बेची जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

शराब और ₹2300 नकद बरामद

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बार संचालक पलाश मल्होत्रा (26) को पकड़ा। उसके पास से एक बोतल अंग्रेजी शराब और 2300 रुपये नकद बरामद किए गए।पुलिस के मुताबिक, शुष्क दिवस के दौरान अवैध रूप से शराब का विक्रय किए जाने पर आरोपी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस और धारा 34(1)(ब) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

गार्ड की भूमिका भी जांच के दायरे में

बार संचालक के साथ-साथ पुलिस ने सुरक्षा गार्ड की भूमिका को भी जांच के दायरे में लिया है। मामले में गार्ड के खिलाफ धारा 170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शुष्क दिवस के दौरान बार से शराब बाहर निकालने और उसकी बिक्री में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी।

बार का लाइसेंस भी संकट में

शुष्क दिवस के आदेश और आबकारी लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन किए जाने के मामले में प्लैटिनम बार के खिलाफ लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले की जानकारी आबकारी विभाग को भी भेजी जा रही है। विभाग की ओर से नियमों के उल्लंघन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि शुष्क दिवस के दौरान शराब किस तरह बार से बाहर निकाली जा रही थी और इसमें किन लोगों की भूमिका थी। पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
05 Sept 2026 05:48 pm
Published on:
05 Sept 2026 05:38 pm