
Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन से पहले घर जाने के लिए यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। रायपुर से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पुणे, हैदराबाद और बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट्स के किराए में 25 फीसदी तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनों में कंफर्म सीटें नहीं मिल रही हैं और कई ट्रेनों में नो-रूम की स्थिति है। बढ़ती मांग के बीच यात्रियों के सामने तत्काल टिकट या बस से सफर करने का विकल्प बचा है। त्योहार के चलते आने वाले दिनों में यातायात पर दबाव और बढ़ने की संभावना है।
त्योहारी सीजन में बढ़ी मांग का सीधा असर हवाई किराए पर दिखाई दे रहा है। सामान्य दिनों की तुलना में कई रूट पर किराया करीब 25 फीसदी तक बढ़ गया है। ट्रैवल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (टॉफी) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमन जादवानी के मुताबिक, त्योहार के दौरान फ्लाइट्स फुल होने लगती हैं और सीटों की मांग बढ़ने से किराए में तेजी आती है।
रायपुर से दिल्ली, हावड़ा, मुंबई, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान की ओर जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों को कंफर्म सीट मिलना मुश्किल हो गया है। कई एक्सप्रेस ट्रेनों में नो-रूम की स्थिति है, जबकि अन्य ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। दिल्ली रूट की गोंडवाना सुपरफास्ट में नो-रूम है। समता एक्सप्रेस में 50 से अधिक, दुर्ग-उधमपुर में करीब 90 और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में 50 से ज्यादा वेटिंग बताई जा रही है। एसी कोचों में भी 20 से 30 तक वेटिंग है।
हावड़ा और मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। हावड़ा मेल, हावड़ा दुरंतो और एलटीटी-शालीमार में लंबी वेटिंग चल रही है। वहीं गीतांजलि एक्सप्रेस, पूरी-एलटीटी और शालीमार की कुछ ट्रेनों में नो-रूम की स्थिति बन गई है। बिहार रूट पर गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस में भी सीटें फुल हैं। सारनाथ और साउथ बिहार एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग चल रही है। राजस्थान और अहमदाबाद जाने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों को इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कंफर्म टिकट नहीं मिलने के कारण अब यात्रियों की नजर तत्काल टिकट पर है। हालांकि तत्काल कोटा सीमित होने के कारण सभी यात्रियों को कंफर्म सीट मिलना संभव नहीं है। ऐसे में बड़ी संख्या में यात्री बसों की ओर रुख कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष अनवर अली के मुताबिक, राज्य में बसों की संख्या पर्याप्त है। उन्होंने यात्रियों से लंबी दूरी की यात्रा के लिए अधिकृत बुकिंग काउंटर से ही टिकट लेने की अपील की है, ताकि निर्धारित किराए से ज्यादा वसूली और धोखाधड़ी से बचा जा सके।
रक्षाबंधन में कुछ ही दिन बाकी रहने के बावजूद रेलवे की ओर से अब तक केवल एक जोड़ी राखी स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यात्रियों की ओर से और स्पेशल ट्रेनें चलाने की मांग की जा रही है।
रक्षाबंधन के साथ आने वाले त्योहारों का असर अभी से यात्री ट्रैफिक पर दिखाई दे रहा है। दुर्गापूजा और नवरात्र के दौरान बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। रायपुर और बिलासपुर होकर गुजरने वाली बिहार रूट की प्रमुख ट्रेनों में अभी से सीटें फुल होने लगी हैं और लंबी वेटिंग चल रही है। त्योहारी सीजन में यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है, जिससे आने वाले दिनों में ट्रेन, बस और हवाई यात्रा तीनों पर दबाव और बढ़ सकता है।