किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए लोगों को अपने बैंक खातों का आधार से लिंक कराना चाहिए।
रायपुर. रायपुर जिले में लगभग 50 हजार से अधिक जनधन खातों में आधार लिंक नहीं हो पाया है। वहीं छत्तीसगढ़ में इसकी संख्या लगभग 1 लाख 24 हजार है। इधर आरबीआइ ने ग्राहकों के मोबाइल पर संदेश भेजकर फर्जी लेन-देन और इ-मेल से सावधान रहने को कहा है। वरना ये ठग आपके अकाउंट को खाली कर सकते है। आधार लिंक के लिए भी बैंक प्रबंधन की ओर से लोगों के मोबाइल पर संदेश आना शुरू हो चुका है। बैंक प्रबंधन का कहना है कि किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए लोगों को अपने बैंक खातों का आधार से लिंक कराना चाहिए। प्रदेश में खाताधारकों की संख्या ढ़ाई करोड़ से अधिक है।
भारतीय रिजर्व बैंक ने केवाईसी (नो युअर कस्टमर) गाइडलाइन के तहत बैंक खाते को आधार से जोडऩा अनिवार्य कर दिया है। केवाईसी गाइडलाइन के तहत निवास प्रमाण पत्र के लिए सरकारी दस्तावेज, पैन और खाताधारक का नवीनतम फोटो लगाना होता है। केवाईसी की संशोधित गाइडलाइन के संबंध में आरबीआइ ने कहा है कि आधार नंबर के साथ पैन या फॉर्म-60 लेना बैंकों के लिए अनिवार्य होगा।
भारतीय रिज़र्व बैंक ने नौकरी पाने के इच्छुकों को 'भारतीय रिज़र्व बैंक की वेबसाइट के अलावा अन्य स्रोतों से प्राप्त भर्ती संबंधी सम्प्रेषण पर सावधान किया है। आरबीआई के मुताबिक कुछ लोग फर्जी ई-मेल पतों और झुठे पत्रशीर्षों के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक संदेश भेज रहे हैं, जिनमें नौकरी पाने के इच्छुकों को कथित रूप से भारतीय रिज़र्व बैंक में नियुक्ति के लिए भर्ती प्रक्रिया के भाग के रूप में परीक्षा/ साक्षात्कार/ चर्चापरक सत्रों में उपस्थित होने की सूचना दी जा रही है।
आरबीआइ ने लोगों के मोबाइल पर संदेश भेजकर बैंक खाते में धोखाधड़ी पूर्ण लेन-देन पर सतर्क रहने को कहा है। आरबीआइ ने इसके लिए अधिक जानकारी के लिए 14440 पर मिस्ड कॉल करने को कहा है। इस पर कॉल करने के बाद ग्राहकों को बैंकिंग सतर्कता की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
भारतीय स्टेट बैंक के डीजीएम ब्रम्ह सिंह ने बताया कि फर्जी इ-मेल और लेन-देन को लेकर आरबीआई के माध्यम से संदेश प्रसारित किया जा रहा है। प्रदेश के जनधन खातों में लगभग 1 लाख 83 हजार खातों का आधार से लिंक होना बाकी है, बाकि लगभग 85 फीसदी खाते आधार से लिंक हो चुके हैं।