रायपुर

गर्मी से राहत की शुरुआत, मौसम ने लिया यू-टर्न, 3 दिन में गिर सकता है तापमान, बारिश के आसार

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम में बदलाव से राहत मिली है, जहां रायपुर समेत कई जिलों में तेज धूप के बाद अंधड़ और हल्की बारिश दर्ज की गई।

2 min read
May 03, 2026
गर्मी से राहत की शुरुआत, मौसम ने लिया यू-टर्न, 3 दिन में गिर सकता है तापमान, बारिश के आसार(photo-patrika)

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच अब राहत के संकेत नजर आने लगे हैं। मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत दी है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में दिनभर तेज धूप के बाद शाम को बादल छाए और रात में तेज अंधड़ के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई।

CG Weather Update: गर्मी के बीच बदला मौसम का मिजाज

शनिवार को रायपुर में दिनभर चिलचिलाती धूप रही, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने यू-टर्न ले लिया। आसमान में बादल छा गए और देर रात तेज हवाओं के साथ अंधड़ चला। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई।

3 दिनों में 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद आने वाले 3 दिनों में प्रदेशभर में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

कहीं बढ़ा तापमान, तो कहीं बारिश

प्रदेश के उत्तर छत्तीसगढ़ में तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं राजनांदगांव में सबसे अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर कुछ जिलों में हल्की बारिश ने गर्मी का असर कम किया।

अगले 5 दिनों तक बारिश और अंधड़ के आसार

मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक प्रदेश के सभी संभागों में एक-दो स्थानों पर तेज हवाओं, मेघगर्जन, वज्रपात और हल्की वर्षा की संभावना जताई है। 4 और 5 मई को मेघगर्जन की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने की चेतावनी जारी की गई है।

तेज हवाओं और वज्रपात का अलर्ट

रविवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है, जिसे लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसमी सिस्टम सक्रिय, द्रोणिका का असर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका पूर्वोत्तर मध्यप्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश और असम तक फैली हुई है। इसी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में मौसम में यह बदलाव देखा जा रहा है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर में 3 मई को आंशिक बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि शाम के समय मौसम सुहावना होने की उम्मीद है।

Updated on:
03 May 2026 08:53 am
Published on:
03 May 2026 08:52 am
Also Read
View All