
दुर्ग . देश के बहुचर्चित जनशताब्दी एक्सप्रेस हाईजेक प्रकरण में गैंगस्टर उपेंद्र सिंह उर्फ कबरा समेत आठ दोषियों को विशेष अदालत ने रेलवे एक्ट के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके अलावा 5 अलग-अलग धाराओं में सभी को छह माह से सात साल तक का सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है। प्रत्येक दोषी को 9500 रुपए का अर्थदंड भी देना होगा। प्रकरण में 11 आरोपी बनाए गए थे। इनमें से दो फरार हैं। एक नाबालिग का प्रकरण किशोर न्यायालय में विचाराधीन है।
[typography_font:14pt;" >मंगलवार को न्यायाधीश मंसूर अहमद ने आरोपियों को दोषी करार दे दिया। दोपहर बाद दोषियों को सजा सुनाई गई, इसमें रेलवे एक्ट की धारा 150 (2) में आजीवन कारावास और धारा 146 में छह-छह माह कारावास की सजा सुनाई गई।
ट्रेन हाईजेक के दौरान लोको पायलट को कट्टा दिखाकर धमकाने के लिए मुख्य आरोपी उपेंद्र सिंह के बेटे प्रीतम सिंह उर्फ राजेश और पिंकू उर्फ वरुण सिंह को धारा 25 में तीन-तीन साल और धारा 27 में सात-सात साल कारावास की सजा सुनाई गई है।
बिलासपुर जेल से गैंगस्टर उपेन्द्र सिंह उर्फ कबरा को पेशी में दुर्ग न्यायालय लाया गया था। उपेन्द्र पुलिस की अभिरक्षा में था। उपेन्द्र को छुड़ाने के लिए उसके पुत्र प्रीतम ने साजिश रची थी। इसके तहत दुर्ग-रायगढ़ चलने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस को छह फरवरी 2013 हाईजेक किया था। पेशी के बाद पुलिस कबरा को इसी ट्रेन में बैठाकर वापस बिलासपुर लौट रही थी। ट्रेन को हाईजेक करने के बाद आरोपी कुम्हारी के निकट उपेन्द्र सिंह को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाकर भगा ले गए। इस दौरान आरोपियों ने एक लाल रंग की कार भी लूटी थी।
प्रकरण में उपेंद्र सिंह उर्फ कबरा, प्रीतम सिंह उर्फ राजेश, शंकर साव, अनिल सिंह, राजकुमार कश्यप, पिंकू उर्फ वरुण, सुरेश उर्फ पप्पू, उपेंद्र उर्फ छोटू को दोषी ठहराया गया है।