रायपुर

देवकीनंदन महाराज की कथा में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की बेइज्जती? मंच से 4 बार गलत लिया नाम, VIDEO वायरल

Guru Khushwant Saheb Viral Video: रायपुर के बुढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का नाम मंच से बार-बार गलत पुकारे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
2 min read
Jul 10, 2026
Chhattisgarh News
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब (फोटो सोर्स- X, मंत्री के आईडी)

Guru Khushwant Saheb: राजधानी रायपुर के बुढ़ापारा स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में मंच संचालन के दौरान मंत्री का नाम एक बार नहीं, बल्कि कई बार गलत उच्चारित किए जाने का दावा किया जा रहा है। इस घटना के बाद मंत्री के समर्थकों में नाराजगी देखने को मिल रही है और वे इसे मंत्री के साथ-साथ सतनामी समाज के सम्मान से भी जोड़कर देख रहे हैं।

Guru Khushwant Saheb Insult Video: देखें वीडियो

जानें पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने के लिए कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब (Guru Khushwant Saheb) इंडोर स्टेडियम पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान जब मंच से उनका स्वागत और आमंत्रण किया गया, तब मंच संचालक ने कथित तौर पर उनका नाम लगातार चार बार गलत पुकारा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों के अनुसार, बार-बार नाम गलत लिए जाने से वहां मौजूद समर्थकों ने नाराजगी जताई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।

समर्थकों में भारी नाराजगी

मंत्री समर्थकों का आरोप है कि कार्यक्रम में आमंत्रित विशिष्ट अतिथियों की सही जानकारी रखना आयोजकों और मंच संचालन करने वाले की जिम्मेदारी होती है। उनका कहना है कि गुरु खुशवंत साहेब प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री होने के साथ-साथ रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री भी हैं और लंबे समय से सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। ऐसे में सार्वजनिक मंच से उनका नाम बार-बार गलत लिया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

समर्थकों का कहना है कि गुरु खुशवंत साहेब सतनामी समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रमुख नेताओं में से एक हैं। उनका आरोप है कि इस घटना से केवल मंत्री ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आयोजकों से भविष्य में इस तरह की लापरवाही से बचने और आमंत्रित अतिथियों की गरिमा का ध्यान रखने की मांग की है।

घटना के बाद आयोजन समिति को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। समर्थकों का आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान हुई इस चूक को गंभीरता से नहीं लिया गया। उनका कहना है कि अब तक न तो इस मामले में कोई सार्वजनिक स्पष्टीकरण सामने आया है और न ही किसी प्रकार की प्रतिक्रिया दी गई है।

वायरल वीडियो पर अब तक आयोजकों की नहीं आई प्रतिक्रिया

सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम का संचालन विजय शर्मा कर रहे थे, जिन्हें पूज्य देवकीनंदन महाराज (Devkinandan Maharaj Katha) का भाई बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में आयोजन समिति या मंच संचालक की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। आयोजन समिति की ओर से आधिकारिक पक्ष आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति और अधिक स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
10 Jul 2026 04:04 pm
Published on:
10 Jul 2026 04:02 pm