रायपुर

Heatwave के बीच मौसम का U-turn! छत्तीसगढ़ में बारिश-आंधी का अलर्ट जारी, ओलावृष्टि का भी खतरा

CG Weather Update: मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।

2 min read
Apr 04, 2026
Heatwave के बीच मौसम का U-turn! छत्तीसगढ़ में बारिश-आंधी का अलर्ट जारी, ओलावृष्टि का भी खतरा(photo-patrika)

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा।

CG Weather Update: आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। राजधानी रायपुर में आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। यहां मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

ओलावृष्टि को लेकर भी अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि शनिवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है। अचानक मौसम बदलने से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। वहीं आम लोगों से भी अपील की गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।

अगले 5 दिनों तक ऐसा रहेगा मौसम

आने वाले 5 दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी। शुक्रवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं, सबसे अधिक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम बदलने की ये है वजह

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक द्रोणिका उत्तरी मध्य प्रदेश से उत्तरी विदर्भ तक सक्रिय है, जो समुद्र तल से करीब 0.9 किमी ऊपर स्थित है। इसके अलावा दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और यानम के आसपास ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। इन मौसमी सिस्टम्स के कारण प्रदेश में मौसम का यह बदलाव देखा जा रहा है।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

बिजली गिरने और आंधी-तूफान की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच इस मौसम बदलाव से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।

Also Read
View All

अगली खबर