राजगढ़

“90 डिग्री के घुमावदार ब्रिज” से तिरछी हुई बस, ब्यावरा में एनएच पर बड़ा हादसा

Rajgarh Bus Accident : सड़क संरचना, मोड़ की सुरक्षा और वाहन चालकों के लिए उपलब्ध चेतावनी संकेतों पर भी सवाल खड़े हुए, राजगढ़ के ब्रिज की डिजाइन पर सवाल
2 min read
Aug 28, 2026
राजगढ़ में घुमावदार ब्रिज से हुआ बस हादसा
राजगढ़ में घुमावदार ब्रिज से हुआ बस हादसा- source- लक्ष्मीनारायण यादव, ब्यावरा

Rajgarh Accident : राजगढ़ में रक्षाबंधन के दिन सुबह आगरा मुंबई नेशनल हाइवे पर ब्यावरा के भोपाल बायपास के पास दर्दनाक बस हादसा हो गया। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई जबकि कई यात्री घायल हुए हैं। हादसा सुबह करीब 7:35 बजे हुआ। उस समय आसपास के लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले हुए थे। स्लीपर कोच बस की इस दुर्घटना के लिए ब्रिज की डिजाइन को जिम्मेदार बताया जा रहा है। करीब 90 डिग्री के घुमावदार ब्रिज पर बस अचानक तिरछी होकर रगड़ाती हुई आगे बढ़ती गई थी। बस के ऊपरी हिस्से में सो रहे यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। यहां ब्रिज बहुत घुमावदार है। स्थानीय लोग इसे 90 डिग्री का ब्रिज बोलते हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ब्रिज पर बस तिरछी होने के बाद रुकने के बजाय काफी दूरी तक रगड़ाती हुई चली गई। इसी दौरान बस का कांच टूट गया और ऊपरी बर्थ पर सो रहे यात्री नीचे गिरते चले गए। महिला और बच्चे बदहवास नजर आए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

प्रत्यक्षदर्शी एडवोकेट अंकुर राजन के अनुसार, उन्होंने अपनी आंखों के सामने बस की ऊपरी बर्थ से तीन यात्रियों को कांच टूटने के बाद नीचे गिरते देखा। हादसा इतना अचानक हुआ कि बस में सो रहे यात्रियों को समझने तक का मौका नहीं मिला कि आखिर हुआ क्या है।

एंबुलेंस पहुंचने में देरी

प्रत्यक्षदर्शी का दावा है कि सूचना देने के बाद एंबुलेंस करीब 30 मिनट बाद मौके पर पहुंची। इस दौरान स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की। हालांकि, एंबुलेंस के पहुंचने में हुई देरी और इसकी वास्तविक अवधि की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। रक्षाबंधन के त्योहार पर अपने घर जा रहे यात्रियों के लिए सुबह का सफर अचानक मातम में बदल गया। हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों को सूचना दी जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और बस में सवार यात्रियों की संख्या सहित अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है।

एसपी और एसडीएम पहुंचे मौके पर, फिर मंत्री भी आए-

हादसे की सूचना मिलते ही एसपी अमित तोलानी और एसडीएम गोविंद दुबे मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को बस से बाहर निकलवाया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने घायलों का उपचार शुरू किया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद यात्रियों के परिजन भी अस्पताल पहुंचने लगे। इसके बाद राज्य मंत्री नारायणसिंह पंवार भी पहुंचे और घायलों के हाल जाने।

हादसे ने खड़े किए ब्रिज की डिजाइन और सुरक्षा पर सवाल-

जिस घुमावदार ब्रिज पर यह हादसा हुआ, वहां करीब 90 डिग्री का मोड़ है। बस के तिरछे होकर ब्रिज से रगड़ाने की घटना ने इस हिस्से की सड़क संरचना, मोड़ की सुरक्षा और वाहन चालकों के लिए उपलब्ध चेतावनी संकेतों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के घुमावदार हिस्से पर वाहन चालकों को पहले से पर्याप्त संकेत और सुरक्षा व्यवस्था मिलनी चाहिए। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। बता दें कि हाल में ही में भोपाल में 90 डिग्री का ब्रिज सामने आया था। इसकी डिजाइन पर बवाल भी मचा था।

Updated on:
28 Aug 2026 12:56 pm
Published on:
28 Aug 2026 12:55 pm