राजगढ़

Rajgarh News: राखी से एक दिन पहले छोड़ गया भाई, बहन का रो-रोकर बुरा हाल

Raksha Bandhan tragedy: रक्षाबंधन से एक दिन पहले करंट लगने से भाई की मौत, मातम में बदलीं परिवार की त्योहार की खुशियां।
2 min read
Aug 27, 2026
man dies due to electric shock
raksha bandhan tragedy man dies due to electric shock, मृतक रोडमल भिलाला की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source- Patrika)

Rajgarh Raksha Bandhan tragedy: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के भादाहेड़ी गांव में गुरुवार को हुए एक हादसे ने पूरे गांव को शोकाकुल कर दिया। रक्षाबंधन से एक दिन पहले हुए हादसे ने एक परिवार की राखी के त्योहार की खुशियां मातम में बदल दीं। गुरुवार को गांव में रहने वाले 48 वर्षीय रोडमल भिलाला की घर में करंट लगने से जान चली गई। रोडमल के निधन की खबर लगते ही बहन अस्पताल पहुंची और वहां फूट-फूटकर रो पड़ीं। भाई की कलाई पर राखी बांधने की उम्मीद लगाए बैठी बहन के लिए यह हादसा जिंदगीभर का दर्द बन गया।

पंखा चलाने लगा रहे थे तार

भादाहेड़ी गांव के रहने वाले 48 वर्षीय रोडमल भिलाला खेती करते थे। गुरुवार को वो खेत से चारा काटकर घर लौटे और गर्मी लगने के कारण घर के बाहर लगा पंखा चलाने के लिए बिजली का तार लगा रहे थे। इसी दौरान उन्हें करंट लग गया और वो बेसुध होकर गिर पड़े। परिजन तुरंत रोडमल भिलाला को खिलचीपुर अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

फूट-फूटकर रो पड़ी बहन

राखी से एक दिन पहले भाई के निधन की खबर मिलते ही रोडमल भिलाला की बहन राधाबाई अस्पताल पहुंचीं और फूट-फूटकर रो पड़ीं। ग्रामीणों के मुताबिक रोडमल भिलाला खेती-किसानी करते थे और गांव में पत्नी व दो बेटों के साथ रहते थे। उनका एक बेटा पीथमपुर में प्राइवेट नौकरी करता है जिसे घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को शव परिजनों को सौंप दिया, पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से हर कोई हैरान है, पूरे गांव में शोक का माहौल है और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Updated on:
27 Aug 2026 10:20 pm
Published on:
27 Aug 2026 10:19 pm