Road Accident: नवरात्र के दौरान बढ़े ट्रैफिक दबाव और लापरवाही ने एक बार फिर जान ले ली। राजनांदगांव जिले के सोमनी के पास हाइवे पर रविवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है।
Road Accident: नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए लागू किया गया वन-वे ट्रैफिक अब जानलेवा साबित होता नजर आ रहा है। रविवार को राजनांदगांव जिले के सोमनी के पास हाइवे पर ओवरटेक करने के दौरान बाइक सवार दंपत्ति ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है।
मिली जानकारी के अनुसार, भिलाई के संजय नगर सुपेला निवासी 45 वर्षीय नागराज साहू पिता मोहन साहू अपनी पत्नी पुष्पा साहू के साथ बाइक से डोंगरगढ़ से देवी दर्शन कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोमनी थाना क्षेत्र के आगे वन-वे मार्ग में ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपत्ति सड़क पर गिर गए और नागराज साहू ट्रक के पहिए के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी पुष्पा साहू गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
हादसे के बाद हाइवे पर लंबा जाम लग गया। करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नवरात्र के दौरान अंजोरा से राजनांदगांव तक वन-वे व्यवस्था हर साल लागू की जाती है, लेकिन इसके बावजूद हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा। बढ़ते यातायात दबाव, ओवरटेक की होड़ और लापरवाही के चलते हर वर्ष जानें जा रही हैं, जिससे ट्रैफिक प्रबंधन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं घायल पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं दूसरी घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे अंजोरा चौकी क्षेत्र के महमरा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस भीषण हादसे में कार सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बल्देवबाग राजनांदगांव निवासी 37 वर्षीय हर्षदीप सिंह पिता गुरुचरण सिंह दुर्ग की ओर से अपने घर लौट रहा था। वह पहट के समय कार से राजनांदगांव की ओर आ रहा था। फुलगांव स्थित शिवनाथ नदी पुल पार करने के बाद महमरा जाने वाले मोड़ के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार युवक को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही अंजोरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। अचानक हुए इस हादसे से मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।