देवगढ़ में नगर पालिका मंडल द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा है।
देवगढ़. देवगढ़ में नगर पालिका मंडल द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा है। यह केंद्र केवल जनसेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि अपनी रचनात्मक सोच और नवाचार के माध्यम से ‘वेस्ट टू बेस्ट’ की अवधारणा को साकार कर रहा है। यहाँ बेकार और अनुपयोगी समझे जाने वाले कचरे को कलात्मक रूप देकर न केवल उसका पुनः उपयोग किया जा रहा है, बल्कि समाज को सतत विकास और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का संदेश भी दिया जा रहा है।
कैरियर संस्थान द्वारा संचालित इस केंद्र में नवाचार सिर्फ वस्तुओं के पुनः उपयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों की सोच बदलने का माध्यम भी बन रहा है। अब लोग कचरा फेंकने से पहले यह विचार करने लगे हैं कि क्या उसे किसी नए और उपयोगी रूप में ढाला जा सकता है। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन और हरित राजस्थान की अवधारणा को जमीनी स्तर पर जीवंत करती दिखाई दे रही है।
केंद्र परिसर में प्रवेश करते ही कबाड़ से बनी कलाकृतियाँ हर किसी का ध्यान खींचती हैं। पुराने और घिसे-पिटे टायरों को रंग-बिरंगे आकर्षक रूप में सजाया गया है। बेकार पड़े पाइपों को तराशकर कार्यालयों और विद्यालयों के लिए सुंदर डिजाइनर पेन स्टैंड तैयार किए जा रहे हैं। वर्षों से भंगार में पड़ी पुरानी लालटेनें अब आधुनिक डेकोरेटिव लुक में नजर आती हैं। वहीं शराब और कोल्ड ड्रिंक की खाली बोतलों को कलात्मक फूलदान और शोपीस में बदल दिया गया है।
स्वच्छता ब्रांड एम्बेसेडर देवगढ़ भावना पालीवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र पर विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से आमंत्रित कर वेस्ट मैनेजमेंट की व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। बच्चों को समझाया जा रहा है कि रोजमर्रा का कचरा रचनात्मक सोच से उपयोगी वस्तुओं में कैसे बदला जा सकता है। इससे विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और रीसायकल की भावना विकसित हो रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष शोभालाल रेगर ने कहा कि मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र पर हो रहा यह नवाचार साबित करता है कि कचरा कोई समस्या नहीं, बल्कि एक बड़ी संभावना है। नगर पालिका स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य है कि देवगढ़ का प्रत्येक नागरिक स्वच्छ भारत अभियान का सक्रिय हिस्सा बने।