नगर परिषद क्षेत्र में महिलाओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए दो स्थानों पर पिंक टॉयलेट का निर्माण करवाया जाएगा। इस पर 42 लाख रुपए खर्च होंगे। इसका संचालन और रख-रखाव भी महिलाएं ही करेगी।
राजसमंद. शहर में बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पिंक टॉयलेट का निर्माण करवाया जाएगा। नगर परिषद की ओर से इसके लिए स्थान का चयन किया जा रहा है। इस पर 42 लाख रुपए खर्च होंगे। इसमें मुख्य बात यह है कि इसका संचालन भी महिलाओं के माध्यम से करवाया जाएगा। राज्य सरकार ने बजट में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट बनाए जाने की घोषणा की थी। इसके लिए प्रदेश स्तर पर ही टेण्डर किए गए हैं। नगर परिषद क्षेत्र में दो पिंक टॉयलेट कॉम्पलेक्स का निर्माण करवाया जाएगा। इसका संचालन और रख-रखाव की जिम्मेदारी सुलभ इंटरनेशन की होगी। तीन साल तक इसका संचालन इनके माध्यम से किया जाएगा। महिलाओं के लिए यह सुविधा नि:शुल्क रहेगी। नगर परिषद की ओर से सर्विस चार्ज सुलभ इंटरनेशन को दिया जाएगा। इसकी केयर टेकर भी महिलाएं रहेगी। जिससे महिलाओं और युवतियों को इसमें आवाजाही में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
नगर निगम परिषद के अनुसार प्रत्येक पिंक टॉयलेट कॉम्पलेक्स निर्माण पर 21 लाख रुपए खर्च होंगे। कॉम्पलेक्स में 6 सीटर व्यवस्था होगी। इसमें तीन इंडियन व एक वेस्टर्न टॉयलेट, एक बाथरूम, एक दिव्यांगजन के लिए व एक टॉयलेट ट्रांसजेंडर के लिए बनेगा। इसमें महिलाओं के लिए सेनेटरी पेड उपलब्ध कराने के लिए मशीन और इंसीनेटर मशीन आदि लगी होगी। नगर परिषद की ओर से इसके निर्माण के लिए स्थान का चयन किया जा रहा है। चयन के पश्चात निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
नगर परिषद क्षेत्र में सबसे व्यस्तम क्षेत्र कांकरोली और राजनगर है। लेकिन महिलाओं के लिए दोनों ही जगह अलग से कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में बाजार में खरीददारी करने आने वाली एवं द्वारकाधीश मंदिर दर्शन करने आने वाली महिलाओं को सर्वाधिक परेशानी होती है। हालांकि कांकरोली बस स्टैण्ड के निकट कॉम्पलेक्स बना हुआ है, लेकिन उसकी स्थिति खराब है। ऐसे में महिलाओं और युवतियों के लिए बनने वाले पिंक टॉयलेट कॉम्पलेक्स का निर्माण बाजार अथवा इसके आस-पास में ही इसका निर्माण होना चाहिए।
नगर परिषद क्षेत्र में दो पिंक टॉयलेट का निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए स्थान का चयन किया जा रहा है। इस पर 42 लाख रुपए खर्च होंगे। इसका निर्माण सुलभ इंटरनेशनल के माध्यम से होगा, जबकि इसके केयर टेकर की भूमिका महिलाओं को दी जाएगी।