
देवगढ़. कस्बे के ऐतिहासिक तालाबों और प्रमुख पेयजल स्रोतों को गंदे पानी के प्रदूषण से बचाने के लिए नगर पालिका ने पहल की है। अब नालियों का गंदा पानी कुंडेली बांध, ऐतिहासिक राघव सागर और बस स्टैंड के पास स्थित संग्राम सागर में मिलने से पहले ही शुद्ध किया जाएगा। इसके लिए कस्बे में पांच प्रमुख स्थानों पर आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करने की योजना है। योजना को धरातल पर उतारने के लिए गुरुवार को जयपुर से आई विशेषज्ञों की टीम ने कस्बे का सर्वे किया। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी पीएल जाट, पार्षद दीनदयाल त्रिवेदी, पूर्व पार्षद हंसराज कंसारा, वासुदेव पानेरी तथा पालिका कर्मचारी नरेंद्र सिंह और दिनेश कुमार सहित अन्य स्टाफ के साथ टीम ने भौगोलिक स्थिति, पानी के बहाव और ढलान का निरीक्षण किया। इसके आधार पर पांच स्थान चिह्नित किए गए हैं। अधिशासी अधिकारी पीएल जाट ने बताया कि एसटीपी में नालियों के गंदे पानी को ट्रीट कर शुद्ध किया जाएगा। इस पानी का उपयोग पार्कों में बागवानी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्यों के लिए किया जाएगा। इससे पानी की बर्बादी रुकेगी और भूजल स्तर को भी सहारा मिलेगा।
राघव सागर और संग्राम सागर को मिलेगी राहतलंबे समय से शहर का गंदा पानी राघव सागर और संग्राम सागर तालाबों में मिलने से इनके अस्तित्व पर संकट मंडरा रहा था। आसपास के लोगों को भी बदबू से परेशानी हो रही थी। परियोजना पूरी होने के बाद बस स्टैंड क्षेत्र सहित ऐतिहासिक तालाबों को गंदगी से राहत मिलने की उम्मीद है।