
भीम के त्रिमूर्ति चौराहे पर शटर ऊंचा कर शुक्रवार रात दुकान में घुसे तीन नकाबपोश बदमाश पौने तेरह हजार रुपए की नकदी चुरा ले गए। दुकान में भारी भरकम होने से कोई सामान नहीं ले गए, जबकि बगल की दुकान का शटर तोडऩे का प्रयास भी किया, मगर विफल रहे। सुबह दुकान खोलने पहुंचने पर चोरी का पता चला।
पुलिस के अनुसार दुकान मालिक चन्द्रप्रकाश जैन की नाकोड़ा स्टील फर्नीचर शॉप के छत से प्रवेश कर शटर ऊंचा कर तीन नकाबपोश बदमाश घुसे। ठीक 2.55 बजे बदमाश गले से 12 हजार 750 रुपए नकद चुरा ले गए। पास ही अन्य दुकान का दरवाजा तोडऩे के प्रयास भी किए, मगर नहीं टूट पाया। सूचना पर मौके पर पहुंचे भीम थाने के हैड कांस्टेबल जगपाल सिंह ने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले, तो तीन नकाबपोश बदमाश स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। हुलिये के आधार पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर रात तक कोई अहम सुराग हाथ नहीं लग पाया।
नहीं खुला चोरी का राज
सदर बाजार, पड़ाव, मानारावजी का वास, आजाद कॉलोनी की दुकान व मकानों में आधा दर्जन चोरियां हो गई, मगर पुलिस एक भी चोरी का राजफाश नहीं कर पाई। सराफा व्यवसायी की दुकान से 35 लाख के सोने- चांदी के जेवर चोरी हो गए। इससे लोगों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए आक्रोश जताया।