
Azam Khan gets interim bail : सीतापुर जेल में बंद सपा के कद्दावर नेता आजम खान को सर्वोच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मिल गई है। यह अंतरिम जमानत उन्हें रामपुर कोतवाली थाने से जुड़े 89वें केस में मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए लंबित मामलों में निचली अदालत से नियमित जमानत लेने की बात कही है। साथ ही कहा कि अंतरिम जमानत तब तक जारी रहेगी, जब तक नियमित जमानत नहीं मिलती है। आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद आजम के बेटे और स्वार विधायक अब्दुल्ला आजम ने ट्वीट कर सुप्रीम कोर्ट का आभार जताते हुए लिखा है... सुप्रीम कोर्ट जिंदाबाद।
दरअसल, 17 मई को सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के बाद रामपुर जिला कोतवाली थाने से जुड़े इस मामले में आजम खान की अंतरिम जमानत याचिका के फैसले को सुरक्षित रखा था। जबकि उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से जमानत याचिका का विरोध करते हुए आजम खान को आदतन अपराधी बताया गया था। वहीं, उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने भी सुप्रीम कोर्ट में इस जमानत याचिका का विरोध किया था। जबकि सुप्रीम कोर्ट ने पहले जमानत याचिका पर इलाबाद हाईकोर्ट के फैसला सुनाने में देरी पर नाराजगी जाहिर की थी और इसे न्याय का उपहास करार दिया था।
अब्दुल्ला आजम की खुशी का ठिकाना नहीं
फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से आजम खान को अंतरिम जमानत मिलने पर उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। अब हर किसी को उनके जेल से बाहर आने का इंतजार है। आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने पर बेटे अब्दुल्ला आजम की खुशी का ठिकाना नहीं है। अंतरिम जमानत मिलने के कुछ देर बाद ही अब्दुल्ला आजम ने ट्वीट कर लिखा है... सुप्रीम कोर्ट जिंदाबाद। उनके ट्वीट करते ही समर्थकों ने भी उनके मैजेस को रिट्वीट करना शुरू कर दिया है। जबकि हजारों लोग लाइक कर चुके हैं।
अब होगी रिहाई
फैज खान नाम के एक समर्थक ने अब्दुल्ला आजम के ट्वीट को रिट्वीट कर लिखा है कि अल्लाह का लाख-लाख शुक़्र है कि सुप्रीम कोर्ट से आली जनाब मुहम्मद आज़म खान की अग्रिम जमानत मंजूर हो गई है। अब आजम खान की रिहाई होगी।
समाजवादियों के लिए अपार खुशी का पल
वहीं पवन यदुवंशी नाम के समर्थक ने लिखा है... सत्यमेव जयते। माननीय सर्वोच्च न्यायालय इस अघोषित आपातकाल के घोर अंधेरे में उम्मीद का एक चिराग है। माननीय आजम खान साहब को 75 वर्ष की आयु में आदित्यनाथ सरकार की घोर प्रताड़ना से न्याय मिला है। आज अपार खुशी का पल हम समाजवादियों के लिए है।