रांची

रांची में मुख्यमंत्री ने किया पूजा पंडाल का उदघाटन,नवरात्र की दी शुभकामनाएं

सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की गई है, वहीं प्रशासन की ओर से ड्रोन कैमरे की मदद से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी...

2 min read
Oct 14, 2018
cm

(रांची): मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज राजधानी रांची के बकरी बाजार स्थित भारतीय युवक संघ पूजा पंडाल का उदघाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री रविवार को सुबह जमशेदपुर रवाना होने से पहले बकरी बाजार स्थित दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचे। इस मौके पर मेयर आशा लकड़ा समेत पूजा समिति के कई पदाधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना कर राज्य की खुशहाली की कामना की।

राज्य के लिए की खुशहाली के लिए की प्रार्थना

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जगत जननी मां भवानी से यही प्रार्थना है कि झारखंड में खुशहाली आए, समस्त लोगों के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति हो। उन्होंने सभी पूजा पंडाल आयोजकों से दुर्गा पूजा पंडालों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले के सबसे स्वच्छ पंडाल को प्रशासन द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा।


राजधानी रांची के अधिकांश पूजा-पंडालों का पंडल सोमवार को षष्ठी के मौके पर खुल जाएंगे। पूजा पंडालों के आसपास मेला-झूला के साथ बाजार सज गए है। शहर में 16 अक्टूबर से दुर्गा पूजा समाप्त तक शाम चार से लेकर सुबह चार बजे तक बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। वहीं पूजा पंडालों के आसपास वाहनों के ठहराव को लेकर विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है।


चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था

दुर्गा पूजा को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए है। जगह-जगह दंडाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बलों की तैनाती की गई है, वहीं सादे लिबास में भी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं छेड़खानी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की गई है, वहीं प्रशासन की ओर से ड्रोन कैमरे की मदद से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जाएगी।


इधर, रांची रेलवे स्टेशन स्थित पूजा पंडाल का उदघाटन शाम में सात बजे आजसू प्रमुख सुदेश महतो और डीआरएम विजय गुप्ता करेंगे। वहीं ओसीसी क्लब के पूजा पंडाल का उदघाटन एसएसपी अनीश गुप्ता रात साढ़े आठ बजे करेंगे। सेवा सदन स्थित राजस्थान मित्र मंडल पूजा पंडाल का उदघाटन मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी और पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा शाम साढ़े पांच बजे करेंगे। गीतांजलि क्लब मोरहाबादी का पंडाल छह बजे अभय कुमार सिंह उदघाटन करेंगे और गाड़ीखाना स्थित शक्ति श्रोत संघ के पूजा पंडाल का पट नगर विकास मंत्री सीपी सिंह खोलेंगे।

ये भी पढ़ें

महाधिवक्ता ने हाईकोर्ट को दिग्भ्रमित किया,किया जाए पदमुक्त-मरांडी
Published on:
14 Oct 2018 04:23 pm
Also Read
View All