
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (फोटो- ANI)
Hemant Soren on Delimitation Bill: संसद के आगामी विशेष सत्र और केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन तथा महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्षी खेमे में हलचल तेज है। DMK और NCP (SP) द्वारा संशोधित परिसीमन प्रस्ताव का समर्थन करने के फैसले के बाद अब झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने भी अपने रुख पर विचार-विमर्श शुरू कर दिया है।
शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची स्थित अपने आवास पर अपनी पार्टी के छह सांसदों के साथ बैठक की। बैठक के बाद पार्टी ने स्पष्ट किया कि विधेयक के प्रावधानों का अध्ययन करने के बाद एक-दो दिनों में वे अपना अंतिम रुख स्पष्ट करेंगे। पार्टी ने यह भी मांग की कि नई व्यवस्था के तहत अनुसूचित जनजातियों (ST) के लिए आरक्षित सीटों की संख्या में आनुपातिक रूप से वृद्धि होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा बुलाई गई इस बैठक में राज्यसभा सांसद महुआ माजी, सरफराज अहमद और बैद्यनाथ राम, तथा लोकसभा सांसद नलिन सोरेन, विजय हांसदा और जोबा माझी शामिल हुए। प्रस्तावित 50 प्रतिशत विस्तार के तहत, झारखंड में लोकसभा सीटों की संख्या 14 से बढ़कर 21 हो सकती है। वर्तमान में इनमें से पांच सीटें लोहरदगा, सिंहभूम, खूंटी, दुमका और राजमहलअनुसूचित जनजातियों के लिए आरक्षित हैं।
बैठक के बाद JMM के लोकसभा सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि पार्टी प्रस्तावित बदलावों का समर्थन तभी करेगी, जब उन्हें सही ढंग से लागू किया जाए और आदिवासी समुदायों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या में आनुपातिक वृद्धि की जाए।
राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने कहा कि पार्टी विधेयकों का अच्छी तरह से अध्ययन करने के बाद ही कोई अंतिम फैसला लेगी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित विधेयक की कॉपी शुक्रवार रात को ही उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा की किसी के पास परिसीमन या लाए जा रहे विधेयकों के बारे में आधिकारिक जानकारी नहीं थी। केवल सोशल मीडिया पर एक लाइन की जानकारी और मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर फैसला लेना जल्दबाजी होगी।
महुआ माजी ने बताया कि सांसदों को निर्देश दिया गया है कि वे विधेयकों के हर प्रावधान की बारीकी से जांच करें और शब्दों में किए गए मामूली बदलाव के संभावित असर को भी समझें।
राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने कहा कि पार्टी यह देखेगी कि प्रस्तावित विधेयक झारखंड के हित में हैं या नहीं। उन्होंने केंद्र सरकार से विधेयक पर सार्थक चर्चा कराने और विपक्ष के सुझावों को भी शामिल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पार्टी को सीटों की संख्या बढ़ाने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन यह बढ़ोतरी आनुपातिक होनी चाहिए, किसी भी राज्य या सामाजिक समूह के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
वहीं, राज्यसभा सांसद सरफराज अहमद ने बताया कि पार्टी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को विधेयकों की पूरी समीक्षा के बाद अंतिम फैसला लेने के लिए अधिकृत किया है। उन्होंने कहा कि अगर सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) सहित सभी समूहों के लिए सीटों का आवंटन समान अनुपात में बढ़ाया जाना चाहिए।
संसद का एक विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी, जबकि यह सत्र 3 दिसंबर को समाप्त होने की उम्मीद है। इस सत्र के दौरान केंद्र सरकार संविधान (132वां संशोधन) विधेयक 2026 पेश कर सकती है। इसमें सभी राज्यों में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रस्ताव है, साथ ही संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की बात भी शामिल है।
इधर, शनिवार को नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई INDIA गठबंधन के नेताओं की बैठक में विपक्ष ने एकजुट होकर इस विधेयक का विरोध करने का निर्णय लिया। विपक्षी गठबंधन ने मांग की है कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़े बिना लोकसभा की मौजूदा सीट संख्या के भीतर ही लागू किया जाए और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा आवंटन बरकरार रखा जाए।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय




