29 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / National News / पहली लोकसभा में थीं सिर्फ 22 महिला सांसद, अब 2029 में बदल सकता है संसद का पूरा गणित, 33% आरक्षण से बढ़ेगी भागीदारी

पहली लोकसभा में थीं सिर्फ 22 महिला सांसद, अब 2029 में बदल सकता है संसद का पूरा गणित, 33% आरक्षण से बढ़ेगी भागीदारी

2029 के लोकसभा चुनाव में महिला आरक्षण लागू होने पर संसद की तस्वीर बदल सकती है। जानिए 1952 से अब तक महिला सांसदों की संख्या और मौजूदा प्रतिनिधित्व के आंकड़े।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भारत

•

image

Anurag Animesh

•

Updated: 29 Nov 2026, 8:19 AM IST

Parliament news

लोकसभा(फोटो-ANI)

Delimitation Bill 2026: देश में प्रस्तावित परिसीमन और संविधान संशोधन विधेयकों के लागू होने के बाद 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव के साथ महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की तैयारी है। इससे संसद में महिला सांसदों की संख्या में उल्लेखनीय इजाफा हो सकता है।

प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर 850 हो सकती हैं। इनमें एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। इससे महिलाओं को संसद में अधिक प्रतिनिधित्व मिलने के साथ उन मुद्दों को उठाने का अवसर मिलेगा, जिनका सीधा संबंध देश की करीब आधी आबादी से है।

महिला सांसदों की संख्या लगभग 14 प्रतिशत


हालांकि, पिछले कई दशकों में लोकसभा में महिला सांसदों की संख्या बढ़ी है, लेकिन यह अब तक 33 प्रतिशत के लक्ष्य से काफी दूर है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की आबादी में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 49 प्रतिशत है, जबकि मौजूदा संसद में महिला सांसदों की संख्या लगभग 14 प्रतिशत है।

1952 में 22 महिलाएं पहुंची थीं लोकसभा, 2024 में संख्या 75 हुई


भारत में पहली बार 1951-52 के लोकसभा चुनाव में 22 महिलाएं सांसद चुनी गई थीं। उस समय लोकसभा में उनकी हिस्सेदारी करीब 5 प्रतिशत थी। इसके बाद महिला सांसदों की संख्या में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हुई।

2019 के लोकसभा चुनाव में सबसे ज्यादा 78 महिलाएं जीतकर संसद पहुंची थीं। वहीं, 2024 के चुनाव में 75 महिला उम्मीदवार सांसद चुनी गईं। यह कुल लोकसभा सदस्यों का करीब 14 प्रतिशत है। इसके बावजूद संसद में महिलाओं का प्रतिनिधित्व उनकी आबादी के अनुपात से काफी कम बना हुआ है। इंटर-पार्लियामेंट्री यूनियन (IPU) की अक्टूबर में जारी रैंकिंग के अनुसार, राष्ट्रीय संसदों में महिलाओं के प्रतिनिधित्व के मामले में भारत 152वें स्थान पर था। महिला आरक्षण लागू होने के बाद इस रैंकिंग में भारत की स्थिति बदल सकती है।

देश में 4,666 सांसदों-विधायकों में सिर्फ 464 महिलाएं


मार्च में जारी 'Women’s Political Participation and Representation in India' रिपोर्ट में देश के सांसदों और विधायकों के प्रतिनिधित्व से जुड़ा आंकड़ा भी सामने आया था। इसके मुताबिक, देश के कुल 4,666 सांसदों और विधायकों में केवल 464 महिलाएं हैं। यानी कुल जनप्रतिनिधियों में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 10 प्रतिशत है। हालांकि, चुनाव लड़ने वाली महिलाओं की संख्या में पिछले कुछ दशकों में काफी बढ़ोतरी हुई है। 1957 में जहां केवल 45 महिलाओं ने चुनाव लड़ा था, वहीं 2024 में यह संख्या बढ़कर 800 हो गई।

राजनीतिक दलों के लिहाज से देखें तो लोकसभा में बीजेपी की 31 महिला सांसद हैं। इसके बाद कांग्रेस की 13 और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की 11 महिला सांसद हैं।

दुनिया की संसदों में 27% महिला प्रतिनिधित्व


PRS Legislative Research के मुताबिक, इंटर-पार्लियामेंट्री यूनियन के आंकड़ों में दुनियाभर की संसदों में महिलाओं का औसत प्रतिनिधित्व करीब 27 प्रतिशत है। भारत में 1990 के दशक के आखिर तक लोकसभा में महिलाओं की हिस्सेदारी कुल सदस्यों की तुलना में करीब 4 से 8 प्रतिशत के बीच रही। इसके बाद इस अनुपात में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हुई, लेकिन अब भी यह वैश्विक औसत से कम है।