
(रांची): केन्द्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा कहा कहा है कि देश में पिछले चार वर्षो में लगभग 30 से ज्यादा नए एयरपोर्ट बनाए गए हैं। इस प्रकार प्रतिवर्ष 7-8 नए एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। वे शनिवार को बोकारो एयरपोर्ट परं मुख्यमंत्री रघुवर दास के क्षेत्रीय संयोजन योजना (आर.सी.एस) उड़ान के तहत हवाई अड्डा के उन्नयन एवं विस्तारीकरण की आधारशिला रखने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
जयंत सिन्हा ने कहा कि बोकारो शहर से भी देश के अन्य महानगरों से वायुयान के द्वारा संपर्क किया जा सकेगा। उनके अनुसार बोकारो में रनवे को पुनः तैयार किया जाएगा, टर्मिनल बिल्डिंग की भी स्थापना की जाएगी तथा एयर ट्रैफिक कन्ट्रोल को भी लगाया जायेगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय संयोजन योजना केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा संयुक्त रूप से प्रायोजित महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका मुख्य लक्ष्य छोटे शहरों के आम नागरिकों तक सस्ती वायु परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय संयोजन योजना के द्वितीय दौर के निविदा में बोकारो से कोलकता, बोकारो से पटना, दुमका से कोलकता तथा दुमका से रांची के बीच नियमित उड़ान सेवा प्रारंभ करने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है। इसी क्रम में शनिवार को बोकारो हवाई अड्डा के उन्नयन की आधार शिला रखी गई। इस योजना के अन्तर्गत हुए एमओयू के तहत राज्य सरकार द्वारा तीनों हवाई अड्डा पर सुरक्षा तथा अग्निशमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इन हवाई अड्डों के क्रियान्वयन से राज्य की आम जनता 1 घंटे के उड़ान के लिए मात्र 2,500 रू0 उचित दर पर हवाई उड़ान का लाभ ले सकेंगे।
इधर झारखण्ड के कला संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के सचिव मनीष रंजन ने बताया कि रविवार को श्रावणी मेला का अंतिम दिन है और बाबाधाम में महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सावन महीने में अब तक देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथधाम में करीब 37लाख और दुमका स्थित वासुकिनाथ धाम मंदिर में 27 लाख श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।