
फोटो-आरटी-1316
सैलाना. स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को नगर सैलाना में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। इसमें नगर के विभिन्न शासकीय व गैर-शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए निकले विद्यार्थियों ने देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
विद्यार्थी दोपहर 12:30 बजे बालक हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में एकत्रित हुए। यहां से दोपहर 1 बजे रैली का शुभारंभ किया गया। रैली बालक हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर से सदर बाजार, पैलैस चौराहा, शेखजी मोहल्ला व रंगवाड़ी मोहल्ले से होते हुए बस स्टैंड पहुंची। मार्ग के दोनों ओर मौजूद नागरिकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। बस स्टैंड पर राष्ट्रगान के साथ रैली का समापन हुआ। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और 'हर घर तिरंगा' अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान एसडीएम सुनील जायसवाल, तहसीलदार मनीष जैन, तिरंगा यात्रा प्रभारी जीआर दडिंग, जनपद पंचायत सीईओ रिया गेरा, बीआरसी अधिकारी नरेंद्र कुमार पासी, प्राचार्य गिरीश सारस्वत सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रध्वज के सम्मान का संदेश दिया।