
फोटो-आरटी-1504
रानीसिंह. जनपद पंचायत बाजना की ग्राम पंचायत रानीसिंह में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कलेक्टर अजय कटेसरिया ने ग्रामीणों से जनसंवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान, शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध कब्जे, किसानों को समय पर उचित मूल्य पर खाद एवं यूरिया उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में यूरिया की अवैध कालाबाजारी पर रोक लगाने सहित विभिन्न समस्याएं एवं मांगें कलेक्टर के समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने गांव में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सड़क एवं नाली निर्माण, शासकीय योजनाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने तथा गांव की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग भी रखी।
गंभीरता से सुनी बात
कलेक्टर कटेसरिया ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जनसंवाद कार्यक्रम के पश्चात कलेक्टर कटेसरिया ने ग्राम रानीसिंह स्थित सेतुतपाड़ा में जी राम जी योजना के तहत लगाए जा रहे लगभग 10 हजार पौधों के पौधरोपण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने पौधों की सुरक्षा एवं उचित रखरखाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। शिविर में कलेक्टर कटेसरिया, जिला पंचायत सीईओ वैशाली जैन, जनपद अध्यक्ष कैलाश मुनिया, सरपंच सुनीता गरवाल सहित अन्य मौजूद रहे।