
फोटो-आरटी-1714
आलोट. सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने देशप्रेम से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। साथ ही, संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सर्वाधिक भैया-बहनों को सम्मिलित कराने वाले अन्य विद्यालयों के प्रतिनिधियों तथा विद्यालय के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने वाले आचार्यों को भी सम्मानित किया।
समारोह में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त सीएमओ अशोक शर्मा, मुख्य वक्ता उज्जैन विभाग समन्वयक विष्णु श्रोत्रिय तथा अध्यक्ष रत्न भारती संस्कार समिति आलोट के दिनेश काला उपस्थित रहे। प्राचार्य अंतिम वर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। प्रधानाचार्य अशोक परमार ने अतिथियों का परिचय कराया। श्याम सूर्यवंशी एवं यशपाल सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। मंच संचालन रानी पुरोहित ने किया, जबकि आभार भूमिका निगम ने व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रभक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।