
- 30 से अधिक गैस एजेंसी, एक लाख से अधिक उपभोक्ता
फोटो-एनएम 1301 गैस एजेंसी पर पूछताछ के लिए पहुंच रहे लोग।
स्पाट लाइट का लोगो लगेगा
नीमच. रसोई गैस कनेक्शन की सुविधा को लेकर नीमच जिले में बड़ी संख्या में परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। करीब चार माह से नए घरेलू गैस कनेक्शन की प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल बंद होने के कारण प्रभावित है। नतीजतन नए मकान में रहने वाले परिवारों, अलग गृहस्थी शुरू करने वाले युवाओं तथा पात्र परिवारों को नया कनेक्शन लेने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों पर हर माह करीब 60 से 100 नए कनेक्शन के आवेदन अथवा पूछताछ पहुंचने की बात सामने आई है, लेकिन पोर्टल पर प्रक्रिया आगे नहीं बढऩे से आवेदकों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
जिले में घरेलू एलपीजी कनेक्शनों की संख्या करीब एक लाख है। जिले में 30 से अधिक गैस एजेंसियां संचालित होने तथा नीमच शहर में लगभग 6 एजेंसियों के माध्यम से सिलेंडर मिलते है। नया कनेक्शन नहीं मिलने का असर सबसे अधिक उन परिवारों पर पड़ रहा है जो अलग मकान में नई गृहस्थी शुरू कर रहे हैं। नौकरी या पढ़ाई के लिए बाहर से नीमच आने वाले परिवार, किराए के मकान में रहने वाले नए परिवार तथा विवाह के बाद अलग रसोई शुरू करने वाले लोगों को भी घरेलू ईंधन की व्यवस्था के लिए वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
मायूस लौट रहे
गैस एजेंसियों पर नए कनेक्शन को लेकर जानकारी लेने वाले उपभोक्ता पहुंच रहे हैं। एजेंसी संचालकों की ओर से पोर्टल खुलने के बाद ही नियमित प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी दिए जाने की स्थिति में आवेदकों को निश्चित समय सीमा का पता नहीं चल पा रहा है। इसके चलते लोग मायूस होकर लौट रहे हैं।
एजेंसियों का कारोबार भी प्रभावित
नए कनेक्शन जारी नहीं होने से गैस एजेंसियों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। एजेंसियों के पास संभावित उपभोक्ता पहुंच रहे हैं, लेकिन कंपनी स्तर पर पंजीयन प्रक्रिया आगे नहीं बढऩे के कारण एजेंसी संचालक भी उन्हें निश्चित समाधान नहीं दे पा रहे हैं। इससे उपभोक्ता और एजेंसी दोनों के बीच अनिश्चितता की स्थिति बनी हुई है।
इनका कहना है
यह बात सही है कि पिछले 4 माह से नए गैस कनेक्शन नहीं मिल रहे हैं। प्रतिमाह औसत 60 से 100 लोग नए कनेक्शन की पूछताछ के लिए आ रहे हैं। इस संबंध में हमारी ओर से उच्च स्तर पर समय समय पर अवगत कराया जाता है। निर्णय उन्हें ही लेना है।
- श्याम नरेड़ी, संचालक श्याम गैस एजेंसी