विक्रेता संघ के प्रस्ताव को नकारा, बोले फेट से दूध कीमत तय करने पर कहा हम मावे से देंगे, दूध उत्पादक किसान संघ की बैठक में हुआ निर्णय
रतलाम. रक्षाबंधन 2024 के त्योहार से शहर के दूध उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगने जा रहा है। दूध उत्पादक किसानों ने एकतरफा निर्णय लेते हुए मनमर्जी से राखी त्योहार से दूध के दाम पांच रुपए प्रति लीटर बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। साथ ही उनका कहना है कि दाम नहीं बढ़ाए गए तो दूध की सप्लाई बंद कर दी जाएगी। दूध विक्रेताओं ने पहले ही कहा था कि वें दूध को मावा के बजाए फेट अनुसार लेंगे, विक्रेताओं के इस निर्णय को उत्पादकों ने नामंजूर कर दिया है।
दूध उत्पादक किसान संघ की रविवार को सागोद गांव स्थित देवरा देवनारायण मंदिर में हुई बैठक में यह निर्णय सर्वानुमति से किया। संघ के अध्यक्ष बाबूलाल चौधरी ने दूध के दामों में पांच रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा। बैठक में मौजूद 60 से ज्यादा सदस्यों ने इसका समर्थन करते हुए इसे राखी त्योहार से ही लागू करने का निर्णय किया। संघ के अध्यक्ष चौधरी ने बताया बैठक में संघ के जयेंंद्रसिंह भाटी, ईश्वरलाल गुर्जर, राजू गुर्जर, रमेश लबाना, राजू गुर्जर कनेरी, राजेंद्र गुर्जर उंडवा सहित 60 से ज्यादा दूध उत्पादक किसान शामिल हुए।
फेट को लेकर आमने-सामने
पिछले दिनों ही फुटकर दूध विक्रेता संघ की बैठक में निर्णय हुआ था कि अब दूध फेट के आधार पर ही खरीदा जाएगा। इसके उलट दूध उत्पादक किसानों ने रविवार को बैठक में निर्णय किया कि वे फेट से दूध नहीं देंगे। पुरानी मावा वाली पद्धति के आधार पर ही दूध देंगे। कोई फेट से दूध की बात करेगा तो हम दूध देना बंद कर देंगे। उनका कहना है कि उन्हें मशीनों पर विश्वास नहीं है।
तो 60 रुपए लीटर हो जाएगा दूध
शहर में इस समय आम जनता को 55-56 रुपए लीटर मिल रहा है। दूध के दाम पांच रुपए प्रति लीटर बढ़ा दिए जाने से दूध के दाम 60 रुपए लीटर होना तय है। पहले ही उपभोक्ताओं को इतना दूध मिल रहा है।
ऐसे समझे इन दाम को
इस समय दूध उत्पादक किसान फुटकर विक्रेता और दूध डेयरी संचालकों को 51 रुपए लीटर दूध दे रहे हैं। दुकानदार या फुटकर विक्रेता अपना मुनाफा जोडक़र 55 या 56 रुपए लीटर उपभोक्ता को दे रहे हैं।
पत्रिका पोल
क्या दूध के दाम एकतरफा बढ़ाने का निर्णय सही है।
हां, ये निर्णय सही है।
नहीं, ये गलत निर्णय गलत है।
अपना निर्णय शाम 5 बजे तक 7987438068 पर वाट्सएप करें।