रतलाम

बिजली कंपनी : रतलाम में बिजली फॉल्ट सुधारने 907 उपभोक्ताओं पर एक कर्मचारी

न जोन बढ़े न कर्मचारी, नहीं हो पा रहे सुधार कार्य, नतीजा पूरा बिलभरकर बिजली फॉल्ट से परेशान हो रहा आम उपभोक्ता
2 min read
Jun 08, 2026
Electricity
बिजली उपभोक्ताओं पर दोहरी मार


रतलाम. बीते सालों में शहर के विस्तार के चलते बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में दो गुना बढोत्तरी हो गई है। यह क्रम आगे भी जारी रहेगा। इसके बाद भी बिजली कंपनी पुराने ढर्रे पर ही कार्य कर रही है। बीते सालों में न जोन बढ़े और न ही कर्मचारी। उसके उलट अनुभवी व टेक्निकल स्टॉफ के सेवानिवृत्त होने से इनकी संख्या में कमी होती जा रही है। ऐसे में पूरा बिल चुकाने के बाद भी बिजली सुधार कार्य समय पर नहीं होने से परेशानी उपभोक्ताओं को उठानी पड़ रही है। अगर समय रहते इसका निदान नहीं किया गया तो आने वाले समय में शहर में मुश्किलें और बढ़ जाएगी। जिम्मेदार स्वयं को बचाने मुख्यालय को सिर्फ पत्र लिखने की बात कह रहे हैं।

वर्तमान में शहर में 97 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। नियम की बात की जाए तो शहर में छह जोन की आवश्यकता है, लेकिन शहर में कार्य तीन जोन के भरोसे चल रहा है। जोन पर उपभोक्ताओं का दोगुना लोड होने व कर्मचारी कम होने से बिजली सुधार कार्य समय पर नहीं हो रहे हैं। इसके चलते उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पहले यह थी व्यवस्था

इन उपभोक्ताओं की समस्याओं के निराकरण वर्षों पहले तीन चौकी स्थापित की गई थी। उसमें पावर हाउस चौकी बिजली कंपनी कार्यालय मेें, पैलेस रोड पर पैलेस चौकी व कसारा बाजार में कसारा बाजार चौकी प्रमुख थी। एक-एक चौकी पर पर्याप्त स्टाफ था। कार्य समय पर होता था। उसके बाद उन्हें जोन में बदल दिया। उनका नाम पावर हाउस जोन, त्रिवेणी जोन, पटरी पार एरिया के लिए विनोबा जोन बना दिया। वर्तमान में पावर हाउस जोन व त्रिवेणी जोन का कार्य बिजली कंपनी के शहर संभाग कार्यालय परिसर में हो रहा है। त्रिवेणी जोन की बिजली संबंधी शिकायतों का निराकरण पैलेस चौकी से हो रहा है। पटरी पार एरिया के लिए विनोबा नगर में विनोबा जोन बना दिया है। जहां पर सभी कार्य हो रहे हैं।

ये है नियम

बिजली कंपनी के नियम की बात करें तो एक जोन में 15-16 हजार उपभोक्ता होना चाहिए। उनकी व्यवस्था के लिए एक एई, दो जेई के साथ क्लेरिकल व लाइनमैन सहायक लाइनमैन व हेल्पर सहित 30 से 35 का स्टॉफ जरूरी है।

तीन जोन के लिए प्रस्ताव मांगें

उपभोक्ताओं की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। उनकी समस्याओं का समय पर निराकरण हो उन्हें सुविधा मिले। इसके लिए रतलाम में तीन जोन का प्रस्ताव बनाने को कहा है। प्रस्ताव प्राप्त होते ही उसे स्वीकृत कराकर जोन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।

एससी वर्मा, चीफ इंजीनियर, मप्र पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी, उज्जैन।

तीनों जोन में उपभोक्ताओं की स्थिति

जोन उपभोक्ता कर्मचारी(स्थायी-आउटसोर्स)

विनोबानगर 36 हजार - 09-25

पावर हाउस 28 हजार - 08-30

त्रिवेणी 33 हजार - 07-28

Updated on:
08 Jun 2026 10:39 pm
Published on:
08 Jun 2026 10:39 pm