
रतलाम. ग्रामीण क्षेत्र के दो गांवों रामपुरिया के छात्र रोहित डांगी और शिवगढ़ क्षेत्र के गांव घोड़ापाला के छात्र करन भूरिया ने प्रदेशस्तर पर रतलाम का डंका बजाया है। राज्यस्तरीय विज्ञान, गणित, पर्यावरण और सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी में क्रमश: पहला और दूसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश के 52 जिलों से आए 210 विद्यार्थियों में सबसे अव्वल स्थान प्राप्त किया। राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल की तरफ से यह प्रदर्शनी सांदीपनि विद्यालय, सांईखेड़ा जिला नरसिंहपुर में 20 एवं 21 अगस्त को लगाई गई थी। यह प्रदर्शनी 2025-26 के लिए लगाई गई थी। दोनों प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रदेश के शिक्षा मंत्री राव उदयप्रतापसिंह ने प्रमाण पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया। एक दिन पहले ही जीवन कौशल कोर्सेज संचालित करने के मामले में रतलाम जिले को राज्यस्तरीय अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस मिल चुका है।
नवाचार से जीता इनाम
प्रदर्शनी में रतलाम विकासखंड के शासकीय मावि रामपुरिया के होनहार आठवीं (वर्तमान में नौवीं) के छात्र रोहित पिता दिनेश डांगी ने विज्ञान सेमिनार विधा में अपने नवाचार का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्र रोहित डांगी ने मार्गदर्शक शिक्षक दीपक शर्मा के मार्गदर्शन में इंस्पायर अवार्ड के तहत नवाचार गतिविधि के रूप में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
गणित विधा में जीता
राज्यस्तरीय प्रदर्शनी में गणित प्रोजेक्ट में दूसरा स्थान पाने वाले सैलाना विकासखंड की शासकीय माध्यमिक शाला घोड़ापल्ला के कक्षा 6वीं के छात्र करन भूरिया पिता लक्ष्मण भूरिया ने राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। छात्र करन भूरिया ने मार्गदर्शक शिक्षिका स्वाति सक्सेना के मार्गदर्शन में यह प्रदर्शन करके राज्यस्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त करने पर राज्यस्तर पर सम्मानित किया गया। वर्तमान में करण सातवीं का छात्र है। संकुल से लेकर राज्यस्तर तक दोनों ही विदयर्थियों रोहित डांगी और करण ने विज्ञान प्रदर्शनी के तहत अपने मार्गदर्शी शिक्षकों के मार्गदर्शन में संकुलों से लेकर विकासखंड और फिर जिलास्तर पर भी अपने नवाचार से सभी को प्रभावित किया। इसके बाद इनका चयन वर्ष 2025-26 के लिए राज्यस्तर पर हुआ। राज्यस्तर पर भी इन्होंने अपने नवाचार से सभी को प्रभावित करते हुए यह मुकाम हासिल कर लिया है।
छटी बार में भी सफलता
दोनों ही छात्र रोहित डांगी और करण भूरिया ग्रामीण पृष्ठभूमि से आते हैं। ये ग्रामीण क्षेत्र के कम संसाधन वाले स्कूलों में पढ़ते हैं किंतु हौंसला यह है कि इन्होंने संकुल से लेकर राज्यस्तर तक छह पायदान की कड़ी परीक्षा पास करके यह मुकाम हासिल किया है। रोहित डांगी को तो पर्यावरणविद खुशालसिंह पुरोहित ने टॉपिक दिया और बोलने की कला सिखाई
एक दिन पहले भी मिला था राज्यस्तरीय अवार्ड
आयुष्मान भारत के अंतर्गत उमंग स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए रतलाम जिले को राज्य स्तरीय अवार्ड ऑफ एक्सीलेंस से सम्मानित किया गया है। गत दिनों भोपाल में हुए राज्य स्तरीय उमंग समीक्षा एवं वर्कशॉप में लोक शिक्षण संचालनालय ने यह पुरस्कार दिया। समीक्षा बैठक में रतलाम जिले ने 100 प्रतिशत क्रियान्वयन के साथ पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। यह पुरस्कार भोपाल में अपर परियोजना संचालक नंदा भलावेकुशरे और उपसंचालक महेश जैन से डीईओ सिमरन सूर्यवंशी और रमसा के एडीपीसी अशोक लोढ़ा ने प्राप्त किया।