
फोटो-आरटी-1709
आलोट. इंग्लिश इंटरनेशनल स्कूल स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों ने उत्साह से समारोह में भाग लिया। मुख्य अतिथि सुनील चोपड़ा ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के साथ विद्यार्थियों एवं उपस्थित अतिथियों ने तिरंगे को सलामी दी। नन्हे विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और भाषणों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
प्राचार्य लखन लाल मालाकार ने विद्यार्थियों को मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने पढ़ाई के साथ खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियों को भी जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। अतिथि चोपड़ा ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों को याद करते हुए उनके प्रेरक प्रसंग बच्चों के साथ साझा किए और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के निर्वहन को कहा। इंडियन आर्मी के दीपक सोनी ने सेना से जुड़े अपने संस्मरण साझा किए। बहादुर सिंह परिहार, गोपाल दुबे एवं मनोहर सोलंकी ने भी विचार व्यक्त किए। यशोदा मालाकार ने आभार व्यक्त किया। प्राचार्य लखन लाल मालाकार ने सलोनी पोरवाल, स्वीटी पोरवाल, संगीता जांगलवा, दिव्यांश, अब्दुल सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं सहयोगी स्टाफ का धन्यवाद किया। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे।