रैसिपीज

How To Make Chicken Biryani: घर पर बनाएं रेस्तरां जैसी स्वादिष्ट चिकन बिरयानी

How To Make Chicken Biryani: कभी-कभी समारोह अथवा खास मौके पर बनने वाली चिकन बिरयानी को आप इस आसान विधि से घर पर ही बनाएंगे तो कोई भी आपकी तारीफ किए बिना रह नहीं पाएगा।

2 min read

नई दिल्ली। How To Make Chicken Biryani: चिकन बिरयानी मांसाहारी भोजन करने वालों द्वारा काफी पसंद की जाती है। हालांकि यह एक मुगलई व्यंजन है परंतु भारत में इसकी प्रसिद्धता अन्य स्थानों की तुलना में काफी अधिक है। अक्सर लोगों को लगता है कि इसे बनाने में अधिक मेहनत और समय लगता है इसलिए वह रेस्तरां या बाहर से ही इसे खाना पसंद करते हैं। परंतु आज हम आपको इसे बनाने की ऐसी विधि बताने जा रहे हैं जिससे आप घर पर ही बाहर जैसी स्वादिष्ट चिकन बिरयानी बना सकते हैं।

चिकन बिरयानी बनाने के लिए आपको निम्नलिखित सामग्री की आवश्यकता होगी:

1) 750 ग्राम चिकन
2) 500 ग्राम बासमती चावल
3) डेढ़ सौ ग्राम दही
4) चार से पांच हरी इलायची
5) एक बड़ी इलायची
6) तीन प्याज
7) आधा कप दही
8) 2 बड़ा चम्मच लहसुन और अदरक का पेस्ट
9) 2 हरी मिर्च
10) 4 टमाटर
11) 3 बड़े चम्मच बिरयानी मसाला
12) कुछ धनिया तथा पुदीना की पत्तियां
13) एक बड़ा चम्मच केवड़ा एसेंस

सर्वप्रथम चावलों को पानी से अच्छी तरह धोकर 10-15 मिनट के लिए पानी में भिगोकर रख दें। साथ ही चिकन को धोकर साफ करें और इसमें से पानी निकालकर अलग बर्तन में रख दें। इसके बाद प्याज, टमाटर, धनिया तथा पुदीना पत्तियों को बारीक-बारीक काट लें।

अब एक पैन में घी डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। फिर इसमें कटी हुई प्याज, छोटी, बड़ी इलायची डालकर तब तक भूनें जब तक इनका रंग सुनहरा ना होने लगे। अब इसमें चिकन डालकर सबको साथ में भूनें।

यह भी पढ़ें:

उसके बाद कटे टमाटर, हरी मिर्च अदरक लहसुन का पेस्ट, बिरयानी मसाला दही और नमक मिलाकर सारी सामग्री अच्छे से मिलाएं और 10- 12 मिनट के लिए पका लें। चिकन के नरम हो जाने पर गैस बंद कर दें।

अब एक अलग बर्तन में चावल, थोड़ा सा नमक तथा लगभग 3 लीटर पानी डालकर तेज आंच पर उबालें। चावल के आधा पक जाने पर गैस बंद कर दें। फिर चावल में से सारा पानी निकालकर उसे प्लेट में फैला कर रख दें। अब धीमी आंच पर गहरे तले वाला बर्तन रखें। इसमें आधे चावल की एक परत फैलाकर ऊपर से एक परत आधे चिकन की बिछाएं। इसके बाद एक बार और यही क्रिया दोहराएं। चावल और चिकन की 2-2 परत हो जाने के बाद बारीक कटी धनिया, पुदीना की पत्तियां और केवड़ा एसेंस छिड़क दें।

10 से 15 मिनट के लिए बर्तन को धीमी आंच पर ढक कर रख दें। तैयार है गरमा गरम चिकन बिरयानी, इसे दही, चटनी, रायता अथवा करी के साथ परोसा जा सकता है।

Updated on:
04 Sept 2021 11:19 am
Published on:
04 Sept 2021 11:16 am
Also Read
View All