Navratri: क्या आप जानते हैं कब से शुरू हो रही है शारदीय नवरात्रि और घट स्थापना का समय क्या है?
रक्षाबंधन बीतने के साथ ही शक्ति उपासना के महापर्व की भी आहट आने लगी है। महज डेढ़ महीने बाद लोग आदि शक्ति की उपासना का उत्सव मनाएंगे। इस दौरान सुख, समृद्धि और ऐश्वर्य प्राप्ति के लिए जगह-जगह धार्मिक अनुष्ठान होगा। दरअसल, शारदीय नवरात्रि शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। आश्विन शुक्ल पक्ष प्रतिपदा तिथि को घट स्थापना के साथ शारदीय नवरात्रि में जगदंबा की पूजा अर्चना शुरू हो जाएगी। अच्छी बात यह है कि इस साल पूरे नौ दिन तक साधक को माता की उपासना का मौका मिलेगा तो आइये जानते हैं कि कब शुरू हो रही है शारदीय नवरात्रि, क्या है शुभ मुहूर्त और घट स्थापना समय?
शारदीय नवरात्रि 2023
पंचांग के अनुसार आश्विन शुक्ल पक्ष प्रतिपदा की शुरुआत 14 अक्टूबर रात 11. 24 बजे से हो रही है। ऐसे में शारदीय नवरात्रि 15 अक्टूबर 2023 रविवार को शुरू होगी। इस विशेष दिन पर चित्रा नक्षत्र और स्वाति नक्षत्र का निर्माण हो रहा है, जो शुभ कार्यों के लिए बहुत ही श्रेष्ठ है। इसलिए शुभ समय में नवरात्रि उत्सव मंगलकारी होगा।
शारदीय नवरात्रि 2023 घटस्थापना
धर्म ग्रंथों के अनुसार शारदीय नवरात्रि की घटस्थापना मुहूर्त अभिजीत मुहूर्त के दौरान तय होता है और यह घट स्थापना का समय चित्रा नक्षत्र के समय तय होता है। इस दिन चित्रा नक्षत्र 14 अक्टूबर को शाम 04.24 बजे से 15 अक्टूबर शाम 06.13 बजे तक है। वहीं, 15 अक्टूबर को अभिजीत मुहूर्त सुबह 11.04 बजे से सुबह 11.50 बजे के बीच है। इसलिए घटस्थापना पूजा भी 15 अक्टूबर को सुबह 11.04 से 11.50 बजे होगी।
| शारदीय नवरात्रि 2023 कैलेंडर | |
15 अक्टूबर 2023 | मां शैलपुत्री की पूजा |
16 अक्टूबर 2023 | मां ब्रह्मचारिणी की पूजा |
17 अक्टूबर 2023 | मां चंद्रघंटा की पूजा |
18 अक्टूबर 2023 | मां कूष्मांडा की पूजा |
19 अक्टूबर 2023 | मां स्कंदमाता की पूजा |
20 अक्टूबर 2023 | मां कात्यायनी की पूजा |
21 अक्टूबर 2023 | मां कालरात्रि की पूजा |
22 अक्टूबर 2023 | मां सिद्धिदात्री की पूजा |
23 अक्टूबर 2023 | मां महागौरी की पूजा |
24 अक्टूबर 2023 | विजयदशमी (दशहरा) |