
Sagar Snake Found in Scooty: मध्यप्रदेश में बारिश का मौसम आते ही सांप निकलने और सर्पदंश की घटनाएं बढ़ गई हैं। ताजा मामला सागर जिले का है जहां एक स्कूटी में पांच फीट लंबा सांप घुस गया। स्कूटी चला रहे युवक की नजर जब स्कूटी में घुसे सांप पर पड़ी तो उसने स्कूटी रोकी और दूर हट गया। इसके बाद स्नेक कैचर को सूचना दी जिसके बाद स्नेक कैचर ने मौके पर पहुंचकर आधे घंटे की मशक्कत से सांप को सुरक्षित पकड़ा और जंगल में ले जाकर छोड़ दिया।
देखें वीडियो-
सागर शहर के वैशाली नगर क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक स्कूटी के अंदर करीब पांच फीट लंबा सांप घुस गया। स्कूटी चालक जैसे ही वाहन लेकर निकला, उसे आगे के हिस्से में सांप होने का आभास हुआ। इसके बाद उसने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए स्कूटी को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्नेक कैचर को मौके पर बुलाया गया। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने स्कूटी के अगले हिस्से की जांच शुरू की, जहां सांप छिपा हुआ था। सांप के स्कूटी के भीतर होने से आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद स्नेक कैचर ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर सांप को स्कूटी से बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान पूरी सतर्कता बरती गई, जिससे न तो सांप को कोई नुकसान पहुंचा और न ही आसपास मौजूद लोगों को किसी प्रकार की परेशानी हुई। स्नेक कैचर सांप को पकड़ने के बाद उसे अपने साथ ले गए और जंगल में ले जाकर सुरक्षित छोड़ दिया।
एक दिन पहले ही सागर जिले के रहली ब्लाक अंतर्गत चांदपुर प्राथमिक स्कूल में एक बच्चे के बैग में नागिन निकली थी। बच्चा रोजाना की तरह स्कूल बैग लेकर क्लास में पहुंचा था और इसी दौरान उसके बैग में साथी बच्चों को सांप दिखा। इसके बाद स्कूल में हड़कंप मच गया था और तब स्कूल पदस्थ शिक्षक अभय यादव ने सूझबूझ दिखाते हुए पहले तो बैग को स्कूल से बाहर किया और फिर नागिन का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ा था। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बारिश का सीजन शुरू हो चुका है और बारिश के साथ ही सांपों का खतरा भी बढ़ गया है। बारिश होने से सांपों के बिलों में पानी भर जाता है जिसके कारण सांप अपने बिलों से निकलकर लोगों के घरों या फिर किसी सुरक्षित स्थान में घुस जाते हैं। ऐसे में सावधानी बरतना बेहद आवश्यक होता है, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही आपकी जान ले सकती है। सांप के काटने पर कुछ बातों को याद रखने से किसी की भी जान बचाई जा सकती है। इसको लेकर जागरूक होना बेहद जरूरी है।
सांप काटने पर क्या करें?